सड़क हादसे में घायल को डेढ़ लाख तक का मुफ्त इलाज, बक्सर के 13 अस्पतालों में मिलेगी सुविधा ..

घायल को नजदीकी अधिकृत अस्पताल पहुंचाएं और जरूरत पड़ने पर आपातकालीन सेवा नंबर 112 या पुलिस को सूचना दें. हादसे के बाद हर मिनट कीमती होता है और समय पर इलाज मिलने से घायल की जान बचाई जा सकती है.

सदर अस्पताल, बक्सर




               






  • प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत सात दिनों तक कैशलेस उपचार का प्रावधान
  • घायल की मदद करने वाले नेक राहगीरों को 25 हजार रुपए तक का पुरस्कार, प्रशासन ने की अपील

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : सड़क हादसे में घायल होने पर अब इलाज के खर्च की चिंता नहीं करनी होगी. प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत बक्सर जिले में सड़क दुर्घटना के पीड़ितों को डेढ़ लाख रुपए तक का कैशलेस इलाज मिलेगा. इसके लिए जिले के 13 सरकारी और निजी अस्पतालों को अधिकृत किया गया है. योजना का उद्देश्य दुर्घटना के बाद के शुरुआती महत्वपूर्ण समय यानी 'गोल्डन आवर' में घायल को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना और आर्थिक अभाव के कारण इलाज में होने वाली देरी को रोकना है.

जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि योजना के तहत आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत पंजीकृत और इस सुविधा के लिए अधिकृत अस्पतालों में अधिकतम सात दिनों तक 1.50 लाख रुपए का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराने का प्रावधान है. इसके लिए मरीज को इलाज शुरू कराने के लिए अग्रिम भुगतान नहीं करना होगा.

घायल की मदद करने पर 25 हजार रुपये तक का पुरस्कार

सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता करने वाले नेक राहगीरों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने 25 हजार रुपए तक का पुरस्कार देने का प्रावधान किया है. जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को देखकर मदद के लिए आगे आएं. घायल को नजदीकी अधिकृत अस्पताल पहुंचाएं और जरूरत पड़ने पर आपातकालीन सेवा नंबर 112 या पुलिस को सूचना दें. हादसे के बाद हर मिनट कीमती होता है और समय पर इलाज मिलने से घायल की जान बचाई जा सकती है.

बक्सर के इन 13 अस्पतालों में मिलेगी सुविधा

सिविल सर्जन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले के 11 सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों और दो निजी अस्पतालों में योजना के तहत कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी.

सरकारी अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्र

  1. सदर अस्पताल, बक्सर.
  2. अनुमंडल अस्पताल, डुमरांव.
  3. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, ब्रह्मपुर.
  4. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नावानगर.
  5. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिमरी.
  6. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजपुर.
  7. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चक्की.
  8. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, इटाढ़ी.
  9. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चौगाईं.
  10. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, केसठ.
  11. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चौसा.

निजी अस्पताल

  1. दिव्यालोक चिकित्सा केंद्र, बक्सर.
  2. रेनेफोकेयर डायलिसिस प्राइवेट लिमिटेड, बक्सर.

अस्पताल में ऐसे शुरु होगा इलाज

योजना के तहत अस्पताल में घायल को भर्ती कर तत्काल उपचार शुरू किया जाएगा. इसके बाद टीएमएस 2.0 पोर्टल पर मरीज की ट्रीटमेंट आईडी बनाई जाएगी. पुलिस अधिकारी दुर्घटना, संबंधित वाहन और पीड़ित की पहचान का सत्यापन करेंगे. निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद योजना के तहत कैशलेस उपचार की सुविधा सुनिश्चित की जाएगी.

जिला पदाधिकारी ने आम लोगों से योजना की जानकारी अधिक से अधिक साझा करने की अपील की है, ताकि जरूरत के समय सड़क दुर्घटना के पीड़ितों को इसका लाभ मिल सके.

सड़क सुरक्षा के नियमों का करें पालन

प्रशासन ने वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है. दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनें, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाएं, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें. सावधानी बरतकर सड़क हादसों से बचा जा सकता है.










Post a Comment

0 Comments