बक्सर में तिरपाल तानकर चल रहे जुए के अड्डे का भंडाफोड़: 2.20 लाख रुपये नकद और 5 मोबाइल के साथ 6 जुआरी गिरफ्तार ..

सभी नकदी, मोबाइल फोन और ताश की गड्डियों को जब्त कर लिया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के खिलाफ नगर थाने में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है.




               





  • ​मल्लाह टोली मोहल्ले में गुप्त सूचना पर नगर थाना पुलिस की त्वरित छापेमारी, मौके पर मची अफरा-तफरी
  • ​छह ताश की गड्डियों के साथ नकदी जब्त; आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरु

​बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मल्लाह टोली मोहल्ले में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए जुए के एक सक्रिय अड्डे का पर्दाफाश किया है. खुलेआम तिरपाल की आड़ में ताश के पत्तों पर लाखों का दांव लगा रहे छह जुआरियों को पुलिस ने रंगे हाथ धर दबोचा. तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से ₹2,20,000 नकद, छह ताश की गड्डियां और पांच मोबाइल फोन बरामद किए.

​नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली थी कि मल्लाह टोली में तिरपाल लगाकर बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है, जहां भारी नकदी का लेन-देन जारी है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित रणनीति बनाई और बताए गए स्थान की घेराबंदी कर अचानक दबिश दी. पुलिस को देखते ही मौके पर भगदड़ की स्थिति बन गई, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर सभी छह जुआरियों को भागने का मौका दिए बिना दबोच लिया.

​पुलिस ने मौके से बरामद सभी नकदी, मोबाइल फोन और ताश की गड्डियों को जब्त कर लिया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के खिलाफ नगर थाने में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है.











Post a Comment

0 Comments