चौसा आरओबी पर स्कॉर्पियो की टक्कर से पुल से नीचे गिरा बाइक सवार, दो सगे भाई गंभीर ..

पुलिस ने उनके परिजनों को घटना की सूचना देने के साथ ही फरार स्कॉर्पियो चालक और वाहन की पहचान करने की कार्रवाई शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है.

अस्पताल में इलाजरत घायल 

  




               




  • बक्सर से गांव लौट रहे थे दोनों भाई, एक पुल पर तो दूसरा नीचे सड़क पर गिरकर हुआ घायल
  • हादसे के बाद स्कॉर्पियो लेकर फरार हुआ चालक, ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : चौसा रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) पर शनिवार की शाम तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में बाइक सवार दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक भाई उछलकर पुल से नीचे सड़क पर जा गिरा, जबकि दूसरा पुल पर ही गंभीर रूप से जख्मी हो गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.

घायलों की पहचान इटाढ़ी थाना क्षेत्र के चिल्हर गांव निवासी बबन राम के 30 वर्षीय पुत्र राजू राम और उनके भाई चंदन राम के रूप में हुई है. दोनों भाई शनिवार की शाम बाइक से बक्सर से चौसा होते हुए अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान चौसा आरओबी पर चढ़ने के दौरान सामने से आ रही स्कॉर्पियो से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई.

टक्कर के बाद पुल से नीचे जा गिरा एक भाई

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो और बाइक के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों भाई संभलने का मौका भी नहीं पा सके. हादसे में एक भाई पुल से नीचे सड़क पर जा गिरा, जबकि दूसरा पुल पर ही गंभीर रूप से घायल होकर दर्द से कराहने लगा. अचानक हुई इस घटना के बाद पुल पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को संभाला. इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया.

प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर, चालक फरार

चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया. हालांकि, उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बक्सर रेफर कर दिया गया. उधर, हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई.

सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची और घायलों से संबंधित जानकारी जुटाई. पुलिस ने उनके परिजनों को घटना की सूचना देने के साथ ही फरार स्कॉर्पियो चालक और वाहन की पहचान करने की कार्रवाई शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है.











Post a Comment

0 Comments