फास्ट-फूड के पैसे मांगने पर मारपीट, रेस्संटोरेंट चालक समेत तीन घायल ..

आरोप है कि सभी नशे की हालत में थे और आपस में गाली-गलौज कर रहे थे. इसके बाद युवकों ने फास्ट-फूड का ऑर्डर दिया. खाना खाने के बाद जब वे बिना पैसे दिए जाने लगे, तो दीपक ने भुगतान करने को कहा. इसी बात पर विवाद शुरू हो गया.




               






  • नशे में पहुंचे छह युवकों पर मारपीट का आरोप, फाइटर से किया हमला
  • 10 हजार रुपये नकद ले जाने और मोबाइल तोड़ने का भी आरोप, दो नामजद समेत छह पर प्राथमिकी 

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर थाना क्षेत्र के गोलंबर स्थित एक फास्ट-फूड रेस्टोरेंट में खाना खाने के बाद पैसे मांगना संचालक और उसके भाइयों को भारी पड़ गया. आरोप है कि भुगतान को लेकर हुए विवाद में छह युवकों ने संचालक और उसके दो भाइयों के साथ मारपीट की. हमले में तीनों घायल हो गए. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद और चार अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

रेस्टोरेंट संचालक दीपक कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि बड़की सारिमपुर निवासी धीरज कुमार राय और गोलंबर निवासी आशीष सिंह राजपूत समेत छह युवक उनकी दुकान पर पहुंचे थे. आरोप है कि सभी नशे की हालत में थे और आपस में गाली-गलौज कर रहे थे. इसके बाद युवकों ने फास्ट-फूड का ऑर्डर दिया. खाना खाने के बाद जब वे बिना पैसे दिए जाने लगे, तो दीपक ने भुगतान करने को कहा. इसी बात पर विवाद शुरू हो गया.

फाइटर से हमले में दोनों भाइयों के सिर में चोट

दीपक कुमार के अनुसार, विवाद बढ़ने पर सभी युवकों ने मिलकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. बीच-बचाव के दौरान उनके भाई राहुल कुमार और राजकुमार भी हमले की चपेट में आ गए. आरोप है कि युवकों ने फाइटर से हमला किया, जिससे दोनों भाइयों के सिर में गंभीर चोटें आईं. घटना के बाद तीनों घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज कराया गया.

10 हजार रुपये और मोबाइल छीनने का आरोप

संचालक ने आरोप लगाया है कि मारपीट करने के बाद हमलावर दुकान से 10 हजार रुपये नकद लेकर चले गए. इस दौरान उनका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया. घटना को लेकर नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है.

नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मेले के दौरान दुकानदार के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी. इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. वहीं, अन्य चार युवकों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है.










Post a Comment

0 Comments