पिछले पांच वर्षों में पथ निर्माण विभाग की ओर से घरों से निकलने वाले पानी की निकासी के लिए दो बार नाले का निर्माण कराया गया. इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है.
- मिश्रवलिया के पास बक्सर-कोचस मुख्य मार्ग की बदहाली से बढ़ी परेशानी, घरों का गंदा पानी सड़क पर बहने से आवागमन प्रभावित
- पांच साल में दो बार बना नाला, फिर भी नहीं सुधरी स्थिति; ट्रक का गुल्ला टूटने से 8 से 10 घंटे तक लगा रहा जाम
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : बक्सर-कोचस मुख्य मार्ग पर मिश्रवलिया गांव के पास जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से घरों का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है. सड़क पर जमा पानी और जगह-जगह बने गड्ढों के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सड़क की बदहाली का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले गुरुवार को गड्ढों में फंसने के कारण एक ट्रक का गुल्ला टूट गया, जिसके बाद करीब आठ से दस घंटे तक जाम लगा रहा.
दो बार नाला बना, फिर भी नहीं निकला समाधान
स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में पथ निर्माण विभाग की ओर से घरों से निकलने वाले पानी की निकासी के लिए दो बार नाले का निर्माण कराया गया. इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है. कई जगह सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण घरों का गंदा पानी सड़क पर बहाया जा रहा है. इससे सड़क की स्थिति लगातार खराब हो रही है और लोगों की परेशानी बढ़ रही है.
गड्ढों के कारण जाम, दुर्घटना की भी आशंका
सड़क पर बने गड्ढों के कारण वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बनी रहती है. पिछले गुरुवार को ट्रक का गुल्ला टूटने के बाद सड़क पर आठ से दस घंटे तक जाम रहने से यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई. स्थानीय स्तर पर जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने, सड़क के गड्ढों की मरम्मत कराने और अतिक्रमण के कारण बाधित पानी की निकासी को सुचारु बनाने की जरूरत है.
इस मामले में पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता से संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो पाने के कारण उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका.






.png)








0 Comments