पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया. पशु क्रूरता निवारण पदाधिकारी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. फरार चालक और उसके साथी की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
- वार्ड पार्षद ने बाइक से पीछा कर पकड़ा संदिग्ध वाहन, नगर थाना पुलिस ने जब्त की पिकअप
- सभी पशुओं को आदर्श गौशाला पहुंचाया गया, प्राथमिकी दर्ज कर फरार आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर थाना क्षेत्र के जेल पइन-आईटीआई रोड पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 10 बछड़े-बछिया से लदी एक संदिग्ध पिकअप को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया. वाहन में पशुओं को ठूंसकर ले जाया जा रहा था. लोगों को अपनी ओर आता देख चालक और उसका एक साथी पिकअप छोड़कर फरार हो गए. सूचना पर पहुंची नगर थाना पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया और सभी पशुओं को सुरक्षित आदर्श गौशाला पहुंचाया. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
वार्ड पार्षद ने बाइक से किया पीछा, रोकते ही भागने लगे सवार
मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर पांच के पार्षद दीपक सिंह रविवार को जेल पइन-आईटीआई रोड से गुजर रहे थे. इसी दौरान उनकी नजर एक संदिग्ध पिकअप पर पड़ी. वाहन की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उन्होंने अपनी बाइक से उसका पीछा करना शुरू कर दिया. कुछ दूरी आगे जाकर उन्होंने पिकअप को रुकवा लिया. वाहन रुकते ही चालक और उसके साथ मौजूद दूसरा व्यक्ति उतरकर भागने लगे. दोनों की इस हरकत से आसपास के लोगों का शक और गहरा गया। इसके बाद लोगों ने पिकअप की तलाशी ली तो उसमें करीब 10 बछड़े-बछिया लदे मिले.
पुलिस ने जब्त की पिकअप, गौशाला में हो रही पशुओं की देखभाल
वाहन में इतनी संख्या में पशुओं को देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल नगर थाना पुलिस को सूचना दी. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पिकअप को जब्त कर लिया. इसके बाद सभी बछड़े-बछिया को सुरक्षित आदर्श गौशाला पहुंचाया गया. पशु क्रूरता पदाधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि बरामद सभी पशुओं को गौशाला में सुरक्षित रखा गया है, जहां उनके रखरखाव और देखभाल की व्यवस्था की जा रही है. मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है.
वहीं, नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों से पिकअप पर करीब 10 बछड़े-बछिया लादकर ले जाने की सूचना मिली थी. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया. पशु क्रूरता निवारण पदाधिकारी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. फरार चालक और उसके साथी की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पशुओं को कहां से लाया गया था और उन्हें किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था. फिलहाल पिकअप जब्त है और मामले की जांच जारी है.







.png)








0 Comments