अपनी मेहनत के बल पर एसआईएस को देश-विदेश में स्थापित करने वाली बड़ी कंपनी के रूप में विकसित किया. उनका योगदान केवल व्यवसाय तक सीमित नहीं रहा, बल्कि शिक्षा, राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

- तीन हजार रुपये से शुरू किया था सिक्योरिटी का कारोबार, SIS को देश-विदेश तक पहुंचाया
- राज्यसभा सांसद, भाजपा के संस्थापक सदस्य और समाजसेवी के रूप में योगदान को किया याद
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : पूर्व राज्यसभा सांसद, वरिष्ठ पत्रकार एवं एसआईएस (SIS) सिक्योरिटी कंपनी के संस्थापक आरके सिन्हा के निधन पर रविवार, 1 नवंबर 2026 को ग्राम सुधार समिति के कार्यालय में शोकसभा आयोजित की गई. संस्था के सचिव डॉ दिलीप कुमार सिन्हा (गुरु लाल) की अध्यक्षता में आयोजित सभा में उपस्थित लोगों ने दिवंगत आरके सिन्हा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सामाजिक, राजनीतिक और व्यावसायिक योगदान को याद किया.
शोकसभा में डॉ दिलीप कुमार सिन्हा ने कहा कि आरके सिन्हा का जीवन संघर्ष, परिश्रम, दूरदर्शिता और समाजसेवा की प्रेरक मिसाल रहा है. उन्होंने महज तीन हजार रुपये से सिक्योरिटी का व्यवसाय शुरू किया था और अपनी मेहनत के बल पर एसआईएस को देश-विदेश में स्थापित करने वाली बड़ी कंपनी के रूप में विकसित किया. उनका योगदान केवल व्यवसाय तक सीमित नहीं रहा, बल्कि शिक्षा, राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
उन्होंने बताया कि आरके सिन्हा भाजपा के संस्थापक सदस्यों में शामिल थे और देश के उच्च सदन राज्यसभा के सदस्य के रूप में भी अपनी भूमिका निभाई. उन्होंने देहरादून में बोर्डिंग स्कूल की स्थापना के साथ पटना में मेधावी विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग और मेडिकल की निशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराने की पहल की. इसके अलावा विभिन्न राजनीतिक नेताओं को आर्थिक सहयोग देने तथा सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए भी वे जाने जाते थे.
डॉ सिन्हा ने कहा कि अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैलाश नारायण सारंग के कार्यकाल में आरके सिन्हा अंतरराष्ट्रीय प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रहे थे. उन्होंने 'संगत-पंगत' के माध्यम से कायस्थ समाज को एकजुट करने और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने की पहल की. उनके निधन से कायस्थ समाज के साथ-साथ बौद्धिक, राजनीतिक और आर्थिक जगत को भी अपूरणीय क्षति हुई है.
सभा में उपस्थित लोगों ने कहा कि आरके सिन्हा का व्यक्तित्व और उनके द्वारा किए गए कार्य लंबे समय तक समाज को प्रेरित करते रहेंगे. सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके परिवार, शुभचिंतकों तथा उनके सुपुत्र एवं भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा को इस दुख की घड़ी में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की कामना की.
शोकसभा में सुधीर कुमार सिन्हा, मनोज लाल, सुलालन लाल, सुजीत सिन्हा, सत्यराज सिन्हा, बबुआ अस्थाना, पप्पू लाल, रामजी राय, सुधीर पांडेय, विवेक श्रीवास्तव, संतोष पांडेय, रवि मिश्रा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे.






.png)








0 Comments