वीडियो : बैरी गोलीकांड में चौंकाने वाला दावा : क्या महिलाओं ने भी थामी थी पिस्टल? तीन भाइयों को लगी गोली, 100 राउंड फायरिंग का आरोप ..

बुल्लू तिवारी का आरोप है कि हमलावरों में पुरुषों के साथ महिलाएं भी शामिल थीं. सीता देवी और जानकी देवी ने हाथों में पिस्टल ले रखी थी और वे भी सीधे फायरिंग कर रही थीं. वहीं, श्याम सुंदर तिवारी ललकारते हुए हमले के लिए उकसा रहे थे.

 





               







- पानी बहाने के विवाद से शुरू हुआ खूनी संघर्ष, जमीन की पुरानी रंजिश भी बनी वजह
- घायल ने सीता देवी और जानकी देवी पर लगाया पिस्टल से फायरिंग का आरोप, पुलिस ने कहा- सभी पहलुओं की हो रही जांच

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र के बैरी गांव में मंगलवार शाम पानी बहाने के विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया. हालांकि, इस घटना की पृष्ठभूमि में दोनों पक्षों के बीच पहले से चली आ रही जमीन की रंजिश भी बताई जा रही है. तत्कालीन विवाद पानी बहाने को लेकर शुरू हुआ, लेकिन देखते ही देखते मामला गोलीबारी में तब्दील हो गया. इस दौरान मवेशी को चारा खिलाने जा रहे एक युवक और उसे बचाने पहुंचे उसके दो भाइयों को गोली मार दी गई. तीनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए. सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया. इस बीच गोलीकांड में महिलाओं के भी पिस्टल थामकर फायरिंग करने का चौंकाने वाला आरोप सामने आया है, हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

सीता देवी और जानकी देवी पर पिस्टल से फायरिंग का आरोप, ललकारने के बाद बरसाईं गोलियां

सदर अस्पताल में इलाज के दौरान घायल बुल्लू तिवारी ने बताया कि मंगलवार शाम उनके भाई पवन तिवारी अपनी गाय को चारा खिलाने जा रहे थे. इसी दौरान पानी बहाने के विवाद को लेकर पाटीदार पक्ष के लोग हथियारों से लैस होकर पहुंच गए. देखते ही देखते कहासुनी गोलीबारी में बदल गई. बुल्लू तिवारी का आरोप है कि हमलावरों में पुरुषों के साथ महिलाएं भी शामिल थीं. सीता देवी और जानकी देवी ने हाथों में पिस्टल ले रखी थी और वे भी सीधे फायरिंग कर रही थीं. वहीं, श्याम सुंदर तिवारी ललकारते हुए हमले के लिए उकसा रहे थे.

आरोप है कि इसी दौरान जयप्रकाश तिवारी, मनीष तिवारी, चुन्नू तिवारी, श्रीमन नारायण तिवारी और श्याम नारायण तिवारी समेत अन्य लोगों ने पवन तिवारी को निशाना बनाकर गोलियां चलाईं. एक गोली उनकी कमर में लगी और वे जमीन पर गिर पड़े.

बचाने पहुंचे दो भाइयों को भी मारी गोली, 100 राउंड फायरिंग के दावे से गांव में दहशत

पवन तिवारी को गोली लगते देख उनके चचेरे भाई बृजमोहन तिवारी और सगे भाई बुल्लू तिवारी बचाने के लिए दौड़े. लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी निशाना बना लिया. फायरिंग में बृजमोहन के पैर और बुल्लू के पेट में गोली लग गई. घायल बुल्लू तिवारी ने दावा किया कि घटनास्थल पर करीब 100 राउंड गोलियां चलाई गईं. हालांकि, फायरिंग की वास्तविक संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ गौरव पांडेय, नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह और मुफस्सिल थानाध्यक्ष भारी पुलिस बल के साथ बैरी गांव पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए. गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई.

देर रात 12 बजे तक घटनास्थल पर मौजूद रही पुलिस, आरोपों की जांच और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पाटीदारों के बीच आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल की जा रही है. नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी दल लगातार दबिश दे रहा है.

वहीं, देर रात तक गांव में पुलिस की मौजूदगी बनी रही. रात करीब 12 बजे एसडीपीओ गौरव पांडेय से बातचीत करने पर उन्होंने बताया कि पुलिस टीम अभी भी घटनास्थल पर मौजूद है. पुलिस की टीम मौके पर रहकर स्थिति पर नजर रख रही है और मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है.
वीडियो : 
वीडियो - 2 : 











Post a Comment

0 Comments