वामन ग्लोबल फाउंडेशन तथा ब्रह्मर्षि समाज के अध्यक्ष डॉ. राकेश राय उर्फ कल्लू राय और बबली दूबे को व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी मिलने के बाद आयोजन से जुड़े लोगों के बीच समन्वय बनाकर तैयारियों को आगे बढ़ाया जाएगा.
- सीताराम विवाह महोत्सव के अवसर पर 16 दिसंबर तक चलेगा चार दिवसीय आयोजन, हवाई अड्डा परिसर में बनेगा विशाल पंडाल.
- वामन ग्लोबल फाउंडेशन और ब्रह्मर्षि समाज के अध्यक्ष डॉ. राकेश राय उर्फ कल्लू राय व बबली दूबे को मिली आयोजन व्यवस्था की जिम्मेदारी
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : शहर के नया बाजार स्थित सीताराम विवाह महोत्सव आश्रम में इस बार आस्था का बड़ा संगम देखने को मिलेगा. सीताराम विवाह महोत्सव के अवसर पर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा आयोजित होगी. 13 दिसंबर से 16 दिसंबर तक चलने वाली इस चार दिवसीय कथा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. आयोजन में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं.
इसी सिलसिले में आश्रम परिसर में महंत राजाराम शरण दास महाराज की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इसमें आयोजन की रूपरेखा तैयार करने के साथ श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, भोजन, ठहरने, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई. बैठक में आयोजन की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी वामन ग्लोबल फाउंडेशन तथा ब्रह्मर्षि समाज के अध्यक्ष डॉ. राकेश राय उर्फ कल्लू राय और बबली दूबे को सौंपी गई.
कोलकाता की कथा देखकर बड़ी जिम्मेदारी से पीछे खींचे थे कदम
बैठक को संबोधित करते हुए महंत राजाराम शरण दास महाराज ने बताया कि हाल ही में वे कोलकाता में आयोजित पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा में शामिल होने पहुंचे थे. वहां उमड़ी विशाल भीड़ और आयोजन की भव्य व्यवस्थाओं को देखकर उन्हें बक्सर में इतने बड़े कार्यक्रम की जिम्मेदारी संभालने को लेकर संकोच हुआ था. उन्होंने अपनी असमर्थता भी जाहिर की थी. हालांकि, इस दौरान राजेंद्र दास जी महाराज ने उनका हौसला बढ़ाया और चार दिवसीय कथा आयोजित करने का निर्णय लिया गया.
महंत ने बताया कि बागेश्वर धाम महाराज ने भी उन्हें भरोसा दिलाया कि वे चिंता न करें, सारी व्यवस्थाएं हो जाएंगी. हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोजन की वास्तविक जिम्मेदारी स्थानीय लोगों के सहयोग और सामूहिक प्रयास से ही पूरी होगी.
हवाई अड्डा परिसर में लगेगा विशाल टेंट, भोजन और ठहरने की होगी व्यवस्था
महंत राजाराम शरण दास महाराज ने बताया कि श्रीराम कथा के लिए हवाई अड्डा परिसर में विशाल टेंट लगाया जाएगा. लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए भोजन, ठहरने, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था करनी होगी. इसके लिए अलग-अलग स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं.
वामन ग्लोबल फाउंडेशन तथा ब्रह्मर्षि समाज के अध्यक्ष डॉ. राकेश राय उर्फ कल्लू राय और बबली दूबे को व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी मिलने के बाद आयोजन से जुड़े लोगों के बीच समन्वय बनाकर तैयारियों को आगे बढ़ाया जाएगा. महंत ने उपस्थित लोगों से भी अपील की कि वे आगे आकर अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालें. उन्होंने कहा कि आपसी सहयोग और बेहतर समन्वय से ही इतने बड़े धार्मिक आयोजन को सफल बनाया जा सकता है.







.png)








0 Comments