वीडियो : टोल प्लाजा के पास ट्रेलर ने कार में मारी जोरदार टक्कर, चालक घायल ..

कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की एक बड़ी वजह रॉन्ग साइड में वाहनों के परिचालन पर प्रभावी रोक नहीं लग पाना है. राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे कई वाहन लंबे समय तक खड़े रहते हैं. इससे दूसरे वाहनों को मजबूरी में रॉन्ग साइड से गुजरना पड़ता है.





               




  • - NH-922 पर हुआ हादसा, दिल्ली से पटना जा रहे थे सवार
  • - चारों एयरबैग खुलने से बची कार सवारों की जान, रक्षक टीम ने संभाला मोर्चा

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : NH-922 पर टोल प्लाजा के समीप एक अनियंत्रित ट्रेलर ने कार में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में कार सवार चार लोग दुर्घटना का शिकार हो गए. हालांकि, राहत की बात यह रही कि चारों एयरबैग खुल जाने के कारण कार सवार लोगों को ज्यादा चोटें नहीं आईं. चालक को मामूली चोटें आई हैं.

मिली जानकारी के अनुसार, कार में सवार चार लोग दिल्ली से पटना में पूर्व सांसद आर.के. सिन्हा की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने जा रहे थे. इसी दौरान टोल प्लाजा के पास ट्रेलर ने उनकी कार में सामने से टक्कर मार दी. टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. दुर्घटना के दौरान चारों एयरबैग खुल गए, जिससे कार सवारों को गंभीर चोटों से बचाने में मदद मिली.

सूचना मिलते ही पहुंची रक्षक टीम, घायल को दिया प्राथमिक उपचार

दुर्घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा कार्यकर्ता कृष्णा शर्मा अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और कार सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. वहीं, घायल चालक को प्राथमिक उपचार भी उपलब्ध कराया गया.

वाहन चालक की पहचान 42 वर्षीय सोनेलाल साह, पिता दिलबहारा साह के रूप में हुई है. वहीं, वाहन मालिक 40 वर्षीय जय सिंह, पिता बलदेव सिंह, निवासी उत्तम नगर, दिल्ली बताए गए हैं.

हाईवे किनारे खड़े वाहनों से बढ़ रहा रॉन्ग साइड परिचालन का खतरा

कृष्णा शर्मा ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की एक बड़ी वजह रॉन्ग साइड में वाहनों के परिचालन पर प्रभावी रोक नहीं लग पाना है. राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे कई वाहन लंबे समय तक खड़े रहते हैं. इससे दूसरे वाहनों को मजबूरी में रॉन्ग साइड से गुजरना पड़ता है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है.

उन्होंने कहा कि इस समस्या पर स्थानीय प्रशासन और एनएचएआई को गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है. हाईवे के किनारे अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों पर कार्रवाई होनी चाहिए और रॉन्ग साइड परिचालन पर प्रभावी रोक लगनी चाहिए. अन्यथा इस तरह की दुर्घटनाएं होती रहेंगी.

रक्षक - द रोड सेफ्टी मिशन की टीम सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ ही दुर्घटना पीड़ितों की सहायता के लिए लगातार काम कर रही है. टीम का संकल्प है कि सड़क हादसों में घायल किसी भी व्यक्ति को समय पर मदद से वंचित नहीं रहने दिया जाए.

वीडियो : 










Post a Comment

0 Comments