चिकित्सा टीम ने व्रतियों, श्रद्धालुओं और अन्य जरूरतमंद मरीजों को त्वरित प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई. इसके साथ ही चोटिल व जरूरतमंद लोगों के घावों की ड्रेसिंग की गई और आवश्यक दवाओं का निःशुल्क वितरण किया गया.

- साबित खिदमत फाउंडेशन और ह्यूमन राइट सोशल जस्टिस की पहल
- छठ व्रतियों व श्रद्धालुओं को मौके पर मिली प्राथमिक चिकित्सा और निःशुल्क दवाएं
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर जहां एक ओर घाटों पर भक्ति और उल्लास का माहौल रहा, वहीं दूसरी ओर मानव सेवा की एक प्रेरक तस्वीर भी देखने को मिली. शहर के नाथ बाबा मंदिर के समीप साबित खिदमत फाउंडेशन एवं अस्पताल तथा ह्यूमन राइट सोशल जस्टिस, बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में लगातार 11वें वर्ष निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया.
छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लगाए गए इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य लाभ लिया. शिविर में मौजूद चिकित्सा टीम ने व्रतियों, श्रद्धालुओं और अन्य जरूरतमंद मरीजों को त्वरित प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई. इसके साथ ही चोटिल व जरूरतमंद लोगों के घावों की ड्रेसिंग की गई और आवश्यक दवाओं का निःशुल्क वितरण किया गया.
साबित खिदमत फाउंडेशन एवं अस्पताल के निदेशक तथा ह्यूमन राइट सोशल जस्टिस, बिहार के मुख्य सचिव डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि महापर्व के दौरान भारी भीड़ के बीच कई बार व्रतियों और श्रद्धालुओं को तत्काल स्वास्थ्य सहायता की आवश्यकता पड़ती है. इसी उद्देश्य से पूजा स्थल के पास ही यह शिविर लगाया जाता है, ताकि समय पर प्राथमिक उपचार मिल सके. उन्होंने इस सेवा अभियान को लगातार 11 वर्षों तक अनवरत जारी रखने में सहयोग देने वाले सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, पुलिस प्रशासन और समाजसेवियों के प्रति आभार व्यक्त किया.
सेवा के इस अभियान में साहित्य, चिकित्सा, प्रशासन और समाजसेवा से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियों की सक्रिय भागीदारी रही. मौके पर मशहूर शायर साबित रोहतसवी, प्रशिक्षु डीएसपी, आर.ओ. आर. रॉय, ए.जी. कार्यालय से संजय, डॉ. शालिग्राम, दंत शल्य चिकित्सक डॉ. खालिद रज़ा, डॉ. वरुण सांकृत, इंजीनियर राशिद अफ़ज़ल, रोटेरियन दीपक अग्रवाल, सतेंद्र चौबे, सौरभ तिवारी और मुन्ना सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे. वहीं, चिकित्सा कर्मी नासिर हुसैन और अरुण उपाध्याय ने मरीजों की देखभाल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. व्यवस्था और सेवा में सहयोग के लिए करीब दस पुलिसकर्मी तथा कई स्थानीय समाजसेवी भी पूरे समय शिविर में डटे रहे.







.png)










0 Comments