आस्था के महापर्व पर सेवा की अनूठी मिसाल : 12 वर्षों से छठव्रतियों की राह आसान कर रही बक्सर की सामाजिक सहयोग समिति ..

छठ पूजा में लगने वाली उन जरूरी सामग्रियों को भी उपलब्ध कराया जा रहा है, जिन्हें ऐन वक्त पर जुटाने में व्रतियों को परेशानी होती है. इनमें अर्घ्य के लिए गाय का शुद्ध दूध, आम का दातून, आम का पल्लव, पान का पत्ता, अगरबत्ती और माचिस जैसी आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं. 


 







               






- महाराजा पेट्रोल पंप के उत्तर में सजा सेवा शिविर

- अर्घ्य के लिए गाय के दूध और पूजा सामग्री से लेकर अनुभवी डॉक्टरों की टीम तक मौजूद

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान जब पूरा शहर छठी मैया की भक्ति में डूबा है, तब श्रद्धालुओं और व्रतियों की सुविधा के लिए बक्सर की 'सामाजिक सहयोग समिति' एक बार फिर अपनी सेवा भावना के साथ मैदान में उतर आई है. पिछले 12 वर्षों से अनवरत चली आ रही अपनी इस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए समिति ने इस वर्ष भी महाराजा पेट्रोल पंप के उत्तर साइड में भव्य सेवा शिविर लगाया है, जहां व्रतियों की छोटी से छोटी जरूरत का पूरा ख्याल रखा जा रहा है.

पूजा सामग्री से लेकर स्वास्थ्य जांच तक की मुकम्मल व्यवस्था शिविर में आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए शुद्ध पेयजल और गर्म चाय की व्यवस्था की गई है. इसके अलावा, छठ पूजा में लगने वाली उन जरूरी सामग्रियों को भी उपलब्ध कराया जा रहा है, जिन्हें ऐन वक्त पर जुटाने में व्रतियों को परेशानी होती है. इनमें अर्घ्य के लिए गाय का शुद्ध दूध, आम का दातून, आम का पल्लव, पान का पत्ता, अगरबत्ती और माचिस जैसी आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं. इतना ही नहीं, व्रत और भीड़ के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अनुभवी डॉक्टरों की देखरेख में प्राथमिक चिकित्सा शिविर भी संचालित किया जा रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल स्वास्थ्य सहायता मिल सके.

सेवा को सौभाग्य मानती है समिति: विनय कुमार श्रीवास्तव समिति के अध्यक्ष श्री विनय कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में सभी सदस्य दिन-रात एक कर सेवा कार्य में जुटे हुए हैं. इस मौके पर श्री श्रीवास्तव ने कहा कि छठ केवल आस्था और उपासना का पर्व नहीं, बल्कि आपसी सहयोग, सेवा और सामाजिक एकता का जीवंत प्रतीक है. उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों से छठव्रतियों की सेवा करना समिति के लिए किसी सौभाग्य से कम नहीं है और छठी मैया के आशीर्वाद व सभी सदस्यों के समर्पण से यह कारवां लगातार आगे बढ़ रहा है. उन्होंने समस्त छठव्रती माताओं-बहनों और श्रद्धालुओं से एक बार शिविर में पधारकर समिति को सेवा का अवसर देने का विनम्र आग्रह भी किया.

इन सदस्यों का है सराहनीय योगदान शिविर को सफल बनाने में समिति के प्रमुख सदस्य श्री रामाशंकर राय, श्री अनुज तिवारी, चंदन जी, सुमित श्रीवास्तव, श्री राजू राय, नरेन्द्र ठाकुर, गुनजन मिश्रा, विशाल श्रीवास्तव, काका उपाध्याय और अमन उपाध्याय सहित अन्य कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं. समिति का मुख्य ध्येय ही यही है कि आस्था के इस महापर्व पर सेवा, सहयोग और सामाजिक सद्भाव की एक ऐसी मिसाल पेश की जाए, जिससे हर व्रती की यात्रा सुखद और सुगम बन सके.











Post a Comment

0 Comments