कृष्णा ने उस समय हेलमेट नहीं पहना था और सिर पर लगी गंभीर चोट उनकी मौत का कारण बनी. इस घटना ने राघवेंद्र को अंदर तक झकझोर दिया और उन्होंने संकल्प लिया कि सिर पर सुरक्षा कवच न होने के कारण वे किसी और परिवार का चिराग नहीं बुझने देंगे.

- ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर दोस्त की मौत के बाद राघवेंद्र ने शुरू किया था अभियान, जमीन बेचकर भी जारी रखा सेवा कार्य.
- देशभर में खोले 277 हेलमेट बैंक और बचाईं कई जिंदगियां, केबीसी से लेकर भारतीय सेना तक ने की सराहना.
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रामगढ़ (कैमूर) निवासी राघवेंद्र कुमार आज पूरे देश में 'हेलमेट मैन ऑफ इंडिया' के रूप में विख्यात हैं. सड़क हादसों में अपनों को खोने का दर्द क्या होता है, इसे करीब से महसूस करने के बाद राघवेंद्र ने पिछले 13 वर्षों से दोपहिया वाहन चालकों को जागरूक करने और उनकी जान बचाने का बीड़ा उठाया हुआ है.
इस अनूठे सफर की शुरुआत साल 2014 में हुई थी, जब राघवेंद्र ग्रेटर नोएडा स्थित लॉयड लॉ कॉलेज से कानून की पढ़ाई कर रहे थे. उसी दौरान ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में उनके सबसे गहरे दोस्त कृष्णा ठाकुर की जान चली गई. कृष्णा ने उस समय हेलमेट नहीं पहना था और सिर पर लगी गंभीर चोट उनकी मौत का कारण बनी. इस घटना ने राघवेंद्र को अंदर तक झकझोर दिया और उन्होंने संकल्प लिया कि सिर पर सुरक्षा कवच न होने के कारण वे किसी और परिवार का चिराग नहीं बुझने देंगे.
मिशन को आगे बढ़ाने के लिए राघवेंद्र ने अपनी नौकरी तक छोड़ दी और हाईवे, चौराहों तथा टोल प्लाजा पर बिना हेलमेट चलने वाले बाइक सवारों को अपनी जेब से मुफ्त हेलमेट बांटना शुरू किया. राह में आर्थिक तंगी आई तो उन्होंने अपने पैतृक गांव की जमीन और घर-संपत्ति तक बेच दी, लेकिन कदम पीछे नहीं खींचे. वर्तमान में उन्होंने देशभर में 277 स्थानों पर 'हेलमेट बैंक' खोल रखे हैं, जहां बाकायदा 'हेड मैपिंग' (सिर के सही माप) के जरिए सुरक्षित हेलमेट उपलब्ध कराए जाते हैं.
सड़क सुरक्षा के साथ-साथ शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए राघवेंद्र ने 'किताब दो, हेलमेट लो' नाम से एक प्रेरक पहल भी शुरू की. इसके तहत वे लोगों से उनकी पुरानी किताबें लेकर बदले में मुफ्त हेलमेट देते हैं और उन किताबों को जरूरतमंद बच्चों व पुस्तकालयों तक पहुंचाते हैं. इस अभियान के जरिए वे अब तक 12 लाख से अधिक किताबें बांट चुके हैं और देशभर में 1,400 से अधिक निःशुल्क पुस्तकालय स्थापित कर चुके हैं.
राघवेंद्र कुमार बताते हैं, "मैं पिछले 13 वर्षों से भारत के 22 राज्यों की सड़कों पर घूम-घूमकर सड़क दुर्घटनाओं के खिलाफ एक अदृश्य युद्ध लड़ रहा हूं." देशभर में अब तक 80 हजार से अधिक हेलमेट बांट चुके और कई लोगों की जान बचा चुके राघवेंद्र आज बक्सर और पूरे बिहार का मान बढ़ा रहे हैं. उनके इस निस्वार्थ सेवाभाव के लिए उन्हें अमिताभ बच्चन के लोकप्रिय शो 'कौन बनेगा करोड़पति' (KBC) में विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया गया. इसके अलावा भारतीय सेना के विभिन्न ठिकानों पर भी वे जवानों को जागरूक कर रहे हैं. हाल ही में उन्हें सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के लिए युगांडा के राष्ट्रपति द्वारा भी आमंत्रित किया गया है. राघवेंद्र का यह प्रयास साबित करता है कि यदि संकल्प मजबूत हो, तो एक अकेला इंसान भी हजारों परिवारों को उजड़ने से बचा सकता है.








.png)















0 Comments