बक्सर-कोचस मुख्य मार्ग पर दिनदहाड़े फायरिंग: पुराने विवाद में 18 वर्षीय युवक को मारी गोली, इलाके में फैली सनसनी ..

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार जारी है. चिकित्सकों के अनुसार युवक खतरे से बाहर है.







               





  • नरबतपुर निवासी मोहित के बाएं हाथ की हथेली को छूकर निकली गोली, सदर अस्पताल में भर्ती
  • गांव के ही विकास ठाकुर पर लगा जानलेवा हमले का आरोप, गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : जिले के बक्सर-कोचस मुख्य मार्ग पर बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े गोलीबारी कर कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दी है. पुराने विवाद को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग की गई, जिसमें गोली युवक के बाएं हाथ की हथेली में जा लगी. व्यस्त मुख्य मार्ग पर सरेराह हुई इस वारदात से राहगीरों में अफरातफरी मच गई और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया.

घायल युवक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नरबतपुर गांव निवासी राधेश्याम चौधरी के 18 वर्षीय पुत्र मोहित कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक, मोहित बक्सर-कोचस मुख्य मार्ग से गुजर रहा था, तभी पूर्व रंजिश को लेकर उसे निशाना बनाकर गोली चला दी गई. गनीमत रही कि गोली सीधे शरीर के किसी संवेदनशील हिस्से में न लगकर उसकी हथेली को छूती हुई निकल गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार जारी है. चिकित्सकों के अनुसार युवक खतरे से बाहर है.

इस गोलीबारी का आरोप नरबतपुर गांव के ही मुन्ना ठाकुर उर्फ छांगुर ठाकुर के पुत्र विकास ठाकुर पर लगा है. बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से ही किसी बात को लेकर विवाद चला आ रहा था. इसी रंजिश के चलते आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया.

घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी. मुफस्सिल थानाध्यक्ष शंभू भगत ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. नामजद आरोपी विकास ठाकुर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. पुलिस का दावा है कि आरोपी को बहुत जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.











Post a Comment

0 Comments