उन्होंने याद दिलाया कि घर में प्रारंभिक संस्कार मिलने के बाद भगवान श्री राम और लक्ष्मण जी की पहली औपचारिक पाठशाला यही विश्वामित्र आश्रम था. बड़ी मठिया में प्रभु के श्रीचरणों के साक्षात दर्शन का पुण्य अयोध्या दर्शन के पुण्य लाभ के समतुल्य है.
'बक्सर शांत नहीं, अनुभव की पावन धरती है': महंत श्यामा दास ने दीपोत्सव पर भ्रांतियां फैलाने वालों को दिया दो टूक जवाब
महिला थानाध्यक्ष, सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक समेत प्रबुद्धजनों की रही मौजूदगी: विजय मिश्र बोले, सद्गुणों से मिटेगा आधुनिक मारीच-सुबाहु का प्रभाव
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : गंगा तट स्थित ऐतिहासिक रामरेखा घाट का विश्वामित्र आश्रम (बड़ी मठिया) दीपोत्सव के पावन अवसर पर अलौकिक आभा से जगमगा उठा. इस अवसर पर परिसर में विशेष रूप से एक कृत्रिम पोखर तैयार कर उसे दीपों की सुंदर श्रृंखलाओं से सजाया गया था. आश्रम और मुख्य राम मंदिर की भव्य सजावट के बीच प्रज्वलित दीपों के प्रकाश से पूरा क्षेत्र आलोकित हो गया. देर रात तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम बना रहा. इस पावन मौके पर सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक, महिला थानाध्यक्ष, नगर के अनेक प्रबुद्धजन और हजारों रामभक्त उपस्थित रहे.
प्रभु श्री सीताराम जी के अयोध्या आगमन की तैयारियों के क्रम में आयोजित इस दीपोत्सव पर विश्वामित्र आश्रम के महंत श्यामा दास जी ने कहा कि इस वर्ष भक्तों के सहयोग से आयोजन अभूतपूर्व रहा है. अयोध्या की तुलना में बक्सर को शांत बताने वाले वक्तव्यों पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि बक्सर की दिव्यता शब्दों या दावों का नहीं, बल्कि प्रत्यक्ष दर्शन और आंतरिक अनुभूति का विषय है. उन्होंने याद दिलाया कि घर में प्रारंभिक संस्कार मिलने के बाद भगवान श्री राम और लक्ष्मण जी की पहली औपचारिक पाठशाला यही विश्वामित्र आश्रम था. बड़ी मठिया में प्रभु के श्रीचरणों के साक्षात दर्शन का पुण्य अयोध्या दर्शन के पुण्य लाभ के समतुल्य है.
समारोह में पहुंचे एमपी हाई स्कूल के पूर्व प्रधानाध्यापक विजय मिश्र ने इस आयोजन को महामुनि विश्वामित्र की परिकल्पना का पुनर्जागरण बताया. उन्होंने कहा कि आज भी समाज में भ्रांतियां और नकारात्मकता फैलाने वाले 'मारीच-सुबाहु' रूपी तत्व सक्रिय हैं, जिनका मुकाबला केवल जनचेतना और सद्गुणों के प्रकाश से ही संभव है. तीर्थ परंपरा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि तीर्थ में सांसारिक वास करने के बजाय आध्यात्मिक प्रवास करना चाहिए ताकि वहां के दिव्य गुणों को आत्मसात किया जा सके. उन्होंने निर्भीक पत्रकारिता की सराहना करते हुए कहा कि संपूर्ण रामायण की आधारशिला बक्सर और रामरेखा घाट से जुड़ी है, इसलिए इस पावन भूमि का महत्व सनातन संस्कृति में सदैव सर्वोच्च रहेगा.







.png)








0 Comments