रंगोली के रंगों में दिखी भारतीय संस्कृति की झलक, रोट्रैक्ट ने 20 साल से कायम रखी परंपरा ..

कहा कि लगातार 20 वर्षों से इस आयोजन को जारी रखना बेमिसाल उपलब्धि है. इससे युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलता है और सामाजिक एवं सांस्कृतिक एकता भी मजबूत होती है.





               





  • रामलीला मंच पर रंगोली और चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, आलिया खान बनीं विजेता
  • डॉ. दिलशाद आलम ने कहा- माता-पिता का सम्मान और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण जीवन के सबसे बड़े मूल्य

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : दीपावली की रोशनी और छठ की लोकआस्था के बीच रामलीला मंच रंगों से सराबोर नजर आया. कहीं रंगोली में भारतीय संस्कृति की झलक दिखी तो कहीं चित्रों के जरिए पर्वों की महत्ता को उकेरा गया. विद्यार्थियों की इसी कलात्मक प्रतिभा का गवाह बना रोट्रैक्ट की ओर से आयोजित 20वां वार्षिक रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता समारोह. लगातार दो दशक से आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता से लोगों का मन मोह लिया.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रोटरी क्लब ऑफ बक्सर के पूर्व अध्यक्ष एवं मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय (बिहार) के महासचिव डॉ. दिलशाद आलम उपस्थित रहे. उन्होंने कहा कि रोट्रैक्ट की ओर से लगातार 20 वर्षों तक इस प्रतियोगिता का आयोजन करना ऐतिहासिक और सराहनीय पहल है. यह आयोजन छठ और दीपावली जैसे महान पर्वों की सांस्कृतिक महत्ता को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बना है. विद्यार्थियों की कलाकृतियों में भारतीय संस्कृति, परंपरा और गौरव की सुंदर झलक दिखाई देती है.

सिकंदर के खाली हाथों का उदाहरण देकर समझाया जीवन का महत्व

डॉ. दिलशाद आलम ने अपने संबोधन में जीवन के मूल्यों की चर्चा करते हुए कहा कि सिकंदर जब इस दुनिया से गया तो उसके दोनों हाथ खाली थे. इंसान चाहे जितनी भी उपलब्धियां हासिल कर ले, अंततः उसे अपने कर्मों के साथ ही ईश्वर अथवा अल्लाह की शरण में जाना है. इसलिए जीवन में सबसे पहले अपने माता-पिता का सम्मान करना चाहिए. माता-पिता का आशीर्वाद और उनका सम्मान ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है.

उन्होंने कहा कि भारत अनेक पर्वों, परंपराओं और संस्कृतियों का देश है. हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजकर रखना चाहिए और इसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए. उन्होंने आयोजन से जुड़े पूर्व डीआरआर एस.एम. साहिल, अध्यक्ष सागर वर्मा, सचिव कृतम वर्मा, सूरज वर्मा, ऋषि, राहुल कुमार, अभिषेक कुमार और प्रिंस सहित रोट्रैक्ट के सभी सदस्यों के प्रयासों की सराहना की.

आलिया खान ने मारी बाजी, सभी प्रतिभागियों को मिला सम्मान

प्रतियोगिता में आलिया खान ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि साक्षी कुमारी और कुमकुम कुमारी को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ. अन्य सभी प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया. प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में आकांक्षा कुमारी और शेखर जसवाल शामिल रहे.

इस अवसर पर रोटरी क्लब के वर्तमान अध्यक्ष निर्मल कुमार सिंह ने कहा कि रोटरी और रोट्रैक्ट की ओर से किए जा रहे सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्य समाज को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं.

वहीं, एस.एम. साहिल ने कहा कि लगातार 20 वर्षों से इस आयोजन को जारी रखना बेमिसाल उपलब्धि है. इससे युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलता है और सामाजिक एवं सांस्कृतिक एकता भी मजबूत होती है.

कार्यक्रम के अंत में प्रिंस ने धन्यवाद ज्ञापन किया. उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागियों और रोट्रैक्ट सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया.











Post a Comment

0 Comments