बेटी की विदाई कराने जा रहे परिवार की बोलेरो पिकअप से टकराई, एक गंभीर ..

बेटी की विदाई कराने के लिए निकले थे. इसी दौरान पकड़ी मोड़ के पास अचानक सामने एक बाइक सवार आ गया. उसे बचाने के लिए बोलेरो चालक ने अचानक वाहन मोड़ा, लेकिन इस दौरान वह नियंत्रण खो बैठा.





               





  • पकड़ी मोड़ के पास बाइक सवार को बचाने में हुआ हादसा, बोलेरो सवार 55 वर्षीय इलियास हुसैन पटना रेफर
  • बक्सर से धनसोई जा रहा था परिवार, हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : बेटी की विदाई कराने जा रहे एक परिवार की खुशियों के बीच शनिवार को सड़क हादसे ने मुश्किलें खड़ी कर दीं. इटाढ़ी थाना क्षेत्र के पकड़ी मोड़ के पास बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बोलेरो सामने से आ रही पिकअप से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो में सवार इलियास हुसैन (55 वर्ष), निवासी सोहनीपट्टी, बक्सर गंभीर रूप से जख्मी हो गए. वहीं, वाहन में सवार परिवार के अन्य सदस्यों को भी चोटें आईं.

मिली जानकारी के अनुसार, इलियास हुसैन अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ बोलेरो से बक्सर से धनसोई जा रहे थे. परिवार के सदस्य बेटी की विदाई कराने के लिए निकले थे. इसी दौरान पकड़ी मोड़ के पास अचानक सामने एक बाइक सवार आ गया. उसे बचाने के लिए बोलेरो चालक ने अचानक वाहन मोड़ा, लेकिन इस दौरान वह नियंत्रण खो बैठा. देखते ही देखते बोलेरो सामने से आ रही पिकअप से जा टकराई.

हादसे के बाद मची अफरातफरी, चालक फरार

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई. टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बोलेरो में फंसे घायलों को बाहर निकालने में मदद की. इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया.

इलियास हुसैन की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया. वहीं, हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया. घटना को लेकर पुलिस ने जानकारी होने से इनकार किया है.











Post a Comment

0 Comments