बक्सर का ₹31.60 लाख होल्डिंग टैक्स घोटाला: 'बक्सर टॉप न्यूज' की 2020 की सीरीज के बाद फिर गरमाया केस, आशुतोष सिंह की प्रतिनियुक्ति समाप्त कर सेवा वापस .. पढ़िए पूरी सीरीज ..

उनका कहना है कि इस मामले में उनकी कोई गलती नहीं है और उन्होंने किसी तरह का कोई घोटाला नहीं किया है. आशुतोष सिंह के अनुसार, उन पर यह दबाव बनाया गया था कि वे 7.67 लाख रुपये जमा कर दें.

 








               

- 2020 में सीरीज चलाकर 'बक्सर टॉप न्यूज' ने उठाया था मुद्दा, तत्कालीन उप चेयरमैन ने दिया था 'टाइफाइड' का हवाला.
- कार्यपालक सहायक आशुतोष कुमार सिंह ने दी सफाई, कहा. नौकरी बचाने के लिए जमा किए थे पैसे, अब साजिश हो रही.

बक्सर टॉप न्यूज़, नगर परिषद, बक्सर के चर्चित 31.60 लाख रुपये के होल्डिंग टैक्स घोटाले से जुड़े मामले में कार्यपालक सहायक आशुतोष कुमार सिंह की सेवा वापस किए जाने के बाद सियासी और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है. इस पूरे घटनाक्रम में वर्ष 2020 में न्यूज पोर्टल 'बक्सर टॉप न्यूज' द्वारा चलाई गई खबरों की सीरीज और अब आरोपी कर्मी के सामने आए बयान ने मामले को नया मोड़ दे दिया है.
.

2020 की सीरीज और 'टाइफाइड' वाला मोड़ :

इस प्रकरण को लेकर वर्ष 2020 में 'बक्सर टॉप न्यूज' ने खबरों की एक सीरीज चलाई थी, जिसने सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप कुमार शरण के सहयोग से इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था. उस समय नगर परिषद की तत्कालीन मुख्य पार्षद माया देवी के कार्यकाल के दौरान उप मुख्य पार्षद के रूप में कार्यरत इंद्र प्रताप सिंह ने मामले की जांच होने की बात कही थी. हालांकि, बाद में उन्होंने यह कहकर स्थिति स्पष्ट की थी कि जांच टीम में शामिल लोगों को टाइफाइड हो गया है, जिसके बाद धीरे-धीरे यह मामला ठंडे बस्ते में चला गया.

आशुतोष कुमार सिंह का बयान :

सेवा वापस किए जाने के बाद कार्यपालक सहायक आशुतोष कुमार सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. उनका कहना है कि इस मामले में उनकी कोई गलती नहीं है और उन्होंने किसी तरह का कोई घोटाला नहीं किया है. आशुतोष सिंह के अनुसार, उन पर यह दबाव बनाया गया था कि वे 7.67 लाख रुपये जमा कर दें, अन्यथा उनकी नौकरी चली जाएगी. उन्होंने दावा किया कि अपनी नौकरी बचाने के लिए उन्होंने यह पैसे जमा कर दिए, लेकिन अब उन्हें साजिश के तहत फंसाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि वे अपनी बात सक्षम पदाधिकारी के समक्ष रखेंगे.

आधिकारिक कार्रवाई और जांच का ब्योरा :

आधिकारिक पत्र के मुताबिक, आशुतोष कुमार सिंह की प्रतिनियुक्ति 2 सितंबर 2015 को कार्यपालक सहायक के पद पर हुई थी और उन्हें होल्डिंग टैक्स वसूली व नक्शा स्वीकृति का दायित्व सौंपा गया था. 30 अप्रैल 2020 को मुख्य पार्षद के पत्र के बाद त्रिस्तरीय समिति ने 24 मार्च 2017 से 30 जून 2018 तक की वसूली की जांच की थी, जिसमें यह तथ्य सामने आए:

- कुल 17,36,264 रुपये की वसूली के मुकाबले निकाय के कोष में मात्र 9,68,581 रुपये जमा होने की बात कही गई.
- शेष 7,67,783 रुपये कोष में जमा न होने तथा 30 जून 2018 से 20 जून 2020 तक सरकारी राशि अपने पास रखने को वित्तीय अनियमितता, अनुशासनहीनता और कर्तव्यहीनता माना गया.
- पुनः एक शिकायतकर्ता के आवेदन पर विभिन्न स्तरों की जांच, 8 अप्रैल 2026 को सांसद सुधाकर सिंह की अध्यक्षता में हुई दिशा बैठक के निर्णय और विधायक आनंद मिश्र द्वारा बिहार विधानसभा में उठाए गए प्रश्न के बाद आरोप प्रमाणित होने का उल्लेख किया गया.

इन तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने 23 नवंबर 2026 को पत्रांक 4000 जारी कर 25 नवंबर 2026 से आशुतोष कुमार सिंह की सेवा जिला पदाधिकारी, बक्सर को वापस करने तथा होल्डिंग टैक्स व अन्य दस्तावेज और राशि प्रभारी लेखापाल या प्रधान सहायक को सौंपने का निर्देश दिया है. साथ ही, इसकी प्रतिलिपि जिला पदाधिकारी, बक्सर, बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी और नगर विकास एवं आवास विभाग, पटना को भी भेजी गई है. अब आशुतोष कुमार सिंह द्वारा सक्षम पदाधिकारी के समक्ष अपना पक्ष रखे जाने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

क्लिक कर पढ़ें 2020 में लिखी खबरों की सीरीज ..


















Post a Comment

0 Comments