देश के 5 चुनिंदा शहरों में बक्सर, 32 गंगा घाटों का होगा कायाकल्प; बनेगा डॉल्फिन व्यूइंग जोन ..

योजना के तहत शहर के 32 गंगा घाटों का विकास और जीर्णोद्धार किया जाएगा. खास बात यह है कि घाटों को केवल कंक्रीट का ढांचा बनाने के बजाय पर्यावरण अनुकूल स्पंजी घाट तकनीक से विकसित किया जाएगा. 









               

  • विश्व बैंक और केंद्र सरकार की मदद से बदलेगी शहर की तस्वीर, कंक्रीट के बजाय स्पंजी घाट तकनीक से होगा विकास
  • विश्वामित्र पार्क को भी अर्बन रिवर मैनेजमेंट प्लान में किया गया शामिल, सोन नहर के दोनों किनारों पर बनेगा रिवरफ्रंट कॉरिडोर

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : महर्षि विश्वामित्र की तपोभूमि बक्सर की पहचान अब धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी के साथ एक आधुनिक ईको-रिवर सिटी के रूप में भी विकसित करने की तैयारी है. इसके लिए केंद्र सरकार और विश्व बैंक के संयुक्त सहयोग से अर्बन रिवर मैनेजमेंट प्लान (यूआरएमपी) के तहत व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है. देशभर के पांच चुनिंदा शहरों में बिहार से एकमात्र बक्सर को इस पायलट परियोजना के लिए चुना गया है. योजना के तहत शहर के 32 गंगा घाटों का विकास और जीर्णोद्धार किया जाएगा. खास बात यह है कि घाटों को केवल कंक्रीट का ढांचा बनाने के बजाय पर्यावरण अनुकूल स्पंजी घाट तकनीक से विकसित किया जाएगा. इसके अलावा गंगा डॉल्फिन के संरक्षण के साथ पर्यटकों के लिए डॉल्फिन व्यूइंग जोन, गंगा किनारे हरित कॉरिडोर और शहर से गुजरने वाली सोन नहर के दोनों किनारों पर रिवरफ्रंट विकसित करने की योजना है.

9वें इंटरनेशनल वाटर वीक 2026 के मंच पर इस परियोजना की घोषणा के बाद बक्सर के विकास को लेकर नई उम्मीद जगी है. योजना की एक और बड़ी विशेषता यह है कि पहले से प्रस्तावित विश्वामित्र पार्क परियोजना को अलग रखने के बजाय अब इसे भी अर्बन रिवर मैनेजमेंट प्लान का हिस्सा बना दिया गया है. इससे पार्क का विकास गंगा तट के हरित कॉरिडोर और पूरे नदी तंत्र को ध्यान में रखकर किया जाएगा.

कंक्रीट के बजाय स्पंजी घाट, प्रकृति के अनुरूप होगा विकास

परियोजना की सबसे महत्वपूर्ण शर्त गंगा के प्राकृतिक स्वरूप और जैव विविधता को सुरक्षित रखना है. इसके तहत घाटों पर अंधाधुंध कंक्रीट का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा. पारगम्य प्राकृतिक पत्थरों, कंकड़, मिट्टी और हरित पट्टी के संतुलित उपयोग से घाटों को विकसित करने की योजना है. स्पंजी घाट तकनीक के माध्यम से बारिश और बाढ़ के पानी को जमीन में समाहित होने का अवसर मिलेगा. इससे भूजल स्तर को बेहतर बनाने और नदी किनारे की प्राकृतिक संरचना को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी.

नदी किनारे ऊंची कंक्रीट की दीवारें खड़ी करने के बजाय प्राकृतिक ढलान को स्थिर करने पर जोर रहेगा. इसका उद्देश्य नदी के स्वाभाविक प्रवाह, मिट्टी की संरचना और जलीय पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना घाटों को सुविधाजनक बनाना है.

डॉल्फिन की अठखेलियां देख सकेंगे पर्यटक, बनेगा विशेष व्यूइंग जोन

गंगा की राष्ट्रीय जलीय जीव गांगेय डॉल्फिन को भी इस परियोजना में विशेष स्थान दिया गया है. इसके प्राकृतिक पर्यावास को सुरक्षित रखते हुए चिन्हित स्थानों पर डॉल्फिन व्यूइंग जोन और ऑब्जर्वेशन डेक विकसित करने की योजना है. यहां पर्यटक और शोधार्थी बिना शोरगुल और मशीनी व्यवधान के डॉल्फिन की गतिविधियों को देख सकेंगे. इससे गंगा के जलीय जीवों के संरक्षण के साथ बक्सर में ईको-टूरिज्म को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.

ताड़का नाले समेत गंदे नालों का बदलेगा स्वरूप

गंगा में गिरने वाले गंदे नालों को भी इस योजना के तहत पर्यावरण अनुकूल बनाने की तैयारी है. इसके लिए बायो-रेमेडिएशन और वेटलैंड तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा. ताड़का नाले सहित अन्य नालों को ईको-ड्रेन के रूप में विकसित करने की परिकल्पना है. इसके माध्यम से गंदे पानी को प्राकृतिक पद्धति से उपचारित करने और गंगा में प्रदूषण का भार कम करने पर जोर रहेगा.

सोन नहर के दोनों किनारों पर बनेगा रिवरफ्रंट कॉरिडोर

गंगा घाटों के साथ शहर के बीच से गुजरने वाली सोन नहर का भी कायाकल्प किया जाएगा. नहर के दोनों किनारों पर वॉकवे, बैठने की व्यवस्था, गजीबो, ओपन एयर जिम और हरित पट्टी विकसित करने की योजना है. स्थानीय हस्तशिल्प, खानपान और छोटे कारोबारियों के लिए व्यवस्थित वेंडिंग जोन और कियोस्क बनाए जाएंगे. इससे नागरिकों को सैर-सपाटे के लिए बेहतर स्थान मिलने के साथ स्थानीय युवाओं और छोटे कारोबारियों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे.

दो साल के मंथन के बाद डीपीआर अंतिम चरण में

इस एकीकृत परियोजना को लेकर पिछले दो वर्षों से केंद्र और राज्य सरकार के स्तर पर जल एवं पर्यावरण विशेषज्ञों के साथ मंथन चल रहा है. विश्वामित्र पार्क को भी इसी योजना में शामिल करने का निर्णय इसी व्यापक दृष्टिकोण के तहत लिया गया है. फिलहाल परियोजना की विस्तृत कार्ययोजना (डीपीआर) को अंतिम रूप दिया जा रहा है. इसके बाद निविदा प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे.

डीएम ने कहा : परियोजना को मिलेगा सुचारू सहयोग

डीएम साहिला ने कहा कि बक्सर के लिए यह योजना ऐतिहासिक और दूरगामी प्रभाव वाली साबित होगी. उनके अनुसार, जिला प्रशासन द्वारा परियोजना के विभिन्न पहलुओं के सुचारू क्रियान्वयन, भूमि/स्थल से जुड़े समन्वय और तय समयसीमा में कार्य आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक सहयोग सुनिश्चित किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि नदी संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और नागरिक सुविधाओं के बेहतर तालमेल के साथ इस योजना को आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि बक्सर को एक स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक पहचान मिल सके.

एक्सपर्ट व्यू : ईको-रिवर सिटी के रूप में उभरेगा बक्सर

जलशक्ति मंत्रालय के सामाजिक प्रकल्प गंगा विचार मंच के जिला प्रतिनिधि और गंगा स्वच्छता अभियान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित सौरभ कुमार तिवारी के अनुसार, यह योजना बक्सर के लिए दूरगामी बदलाव का आधार बन सकती है. गंगा की धार्मिक पहचान, महर्षि विश्वामित्र की सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक पर्यावरण विज्ञान को एक साथ जोड़कर शहर का विकास किया जाना महत्वपूर्ण है. इससे बक्सर को ईको-टूरिज्म और नदी संरक्षण के क्षेत्र में अलग पहचान मिल सकती है.

अगले 25 से 30 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनेगी योजना

नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ऋत्विक कुमार सिंह ने बताया कि यह परियोजना केवल घाटों और शहर के सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि अगले 25 से 30 वर्षों की शहरी जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है. इसमें सीवरेज नेटवर्क, एसटीपी, एफएसटीपी और अन्य जल निकासी व्यवस्थाओं को एकीकृत रूप से जोड़ने की परिकल्पना है.

उन्होंने बताया कि घरों से निकलने वाले गंदे पानी का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा. उपचारित जल का उपयोग कृषि कार्यों में किया जा सकेगा. नहर और जल निकायों की स्वच्छता बनाए रखने के साथ जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन पर भी ध्यान दिया जाएगा. उनका कहना है कि इस पूरी योजना का उद्देश्य बक्सर का आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और शहरी विकास इस तरह करना है, जिससे आने वाले 25 से 30 वर्षों तक शहर की बुनियादी जरूरतों को बेहतर तरीके से पूरा किया जा सके.
















Post a Comment

0 Comments