नहर में मिला युवक का शव, पास गिरी बाइक और बिखरा किराना सामान; रहस्य बरकरार ..

घटनास्थल का दृश्य कई सवाल खड़े कर रहा था. युवक का शव नहर में पड़ा था, जबकि उसकी बाइक भी पास में गिरी हुई मिली. इतना ही नहीं, घटनास्थल के आसपास सरसों तेल, मसाला, प्याज और लहसुन समेत किराना दुकान का सामान बिखरा पड़ा था.









               
  • मनिया गांव के पास सुबह-सुबह शव मिलने से मचा हड़कंप, मृतक की पहचान दुल्फा निवासी गोल्डन कुमार के रूप में
  • एफएसएल टीम और पुलिस हर एंगल से कर रही जांच, परिजनों के आने के बाद खुल सकते हैं कई राज

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के धनसोई थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब मनिया गांव के समीप नहर में एक युवक का शव बरामद हुआ. नहर में शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई. मृतक की पहचान धनसोई थाना क्षेत्र के दुल्फा गांव निवासी गोल्डन कुमार, पिता श्रीनिवास कुशवाहा के रूप में हुई है. घटनास्थल का दृश्य कई सवाल खड़े कर रहा था. युवक का शव नहर में पड़ा था, जबकि उसकी बाइक भी पास में गिरी हुई मिली. इतना ही नहीं, घटनास्थल के आसपास सरसों तेल, मसाला, प्याज और लहसुन समेत किराना दुकान का सामान बिखरा पड़ा था.

बाइक और बिखरे सामान ने खड़े किए कई सवाल

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों की नजर नहर में पड़े युवक के शव पर पड़ी. इसके बाद तत्काल धनसोई थाना पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जांच शुरू कर दी. मौके पर बाइक और किराना का सामान बिखरा मिलने के बाद पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. आखिर युवक कहां से आ रहा था? बाइक नहर के पास कैसे गिरी? उसके साथ मौजूद किराना का सामान सड़क पर कैसे बिखरा? फिलहाल इन सवालों के जवाब सामने नहीं आए हैं.

एफएसएल टीम करेगी जांच, परिजनों के पहुंचने का इंतजार

मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर एफएसएल टीम को भी बुलाया जा रहा है, ताकि वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए जा सकें. फिलहाल मृतक के परिजन घटनास्थल पर नहीं पहुंचे हैं. पुलिस को उनके पहुंचने का इंतजार है. परिजनों से पूछताछ के बाद यह जानकारी मिल सकेगी कि गोल्डन कुमार घर से कब और किस काम के लिए निकला था तथा वह घटनास्थल तक कैसे पहुंचा.

फिलहाल पुलिस सड़क दुर्घटना समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. युवक की मौत महज दुर्घटना है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है. घटनास्थल पर मिले बाइक और बिखरे किराना सामान की भी जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. घटना के बाद दुल्फा गांव में भी शोक और चिंता का माहौल है.

थाना अध्यक्ष ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि वह घटनास्थल पर ही हैं और मामले की बारीकी से जांच कर रहे हैं.
















Post a Comment

0 Comments