इस मामले का मुख्य आरोपी बताया जा रहा सेना का जवान अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. इधर, घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है.

- पानी बहने और गाय बांधने के विवाद में शुरू हुई थी मारपीट, जमीन की पुरानी रंजिश ने लिया खूनी संघर्ष का रूप
- तीन भाइयों को गोली मारने के मामले में पुलिस की कार्रवाई तेज, गांव में तनाव के बीच पुलिस कर रही कैंप
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र के बैरी गांव में तीन भाइयों को गोली मारने की घटना के बाद पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है. इटाढ़ी थानाध्यक्ष के मुताबिक गोलीकांड की जांच के सिलसिले में पुलिस ने दो बुजुर्गों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू की है. वहीं, इस मामले का मुख्य आरोपी बताया जा रहा सेना का जवान अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. इधर, घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. स्थिति को देखते हुए पुलिस गांव में कैंप कर रही है.
दो बुजुर्गों से पूछताछ, मुख्य आरोपी की तलाश में छापेमारी
बैरी गोलीकांड में पुलिस अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही है. इसी क्रम में सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिए दो बुजुर्गों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है. बुजुर्गों की उम्र 70 और 75 वर्ष है. जिनमें एक कैंसर के मरीज हैं. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के दौरान कौन-कौन लोग मौके पर मौजूद थे और गोलीबारी में किनकी भूमिका रही. दूसरी ओर, गोलीकांड का मुख्य आरोपी बताया जा रहा सेना का जवान अब तक पकड़ में नहीं आया है. उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए अहम चुनौती बनी हुई है.
पानी बहाने और गाय बांधने के विवाद में शुरू हुई थी मारपीट
गौरतलब है कि मंगलवार शाम बैरी गांव में पानी बहने और गाय बांधने को लेकर दो पाटीदार पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ था. बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से ही जमीन को लेकर रंजिश चली आ रही थी. इसी पुरानी अदावत के बीच तत्कालीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और मारपीट के बाद ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू हो गई. इस दौरान पवन तिवारी, बुल्लू तिवारी और बृजमोहन तिवारी को गोली लगी थी. तीनों को गंभीर हालत में वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया था.
घायल पक्ष ने गोलीबारी में महिलाओं के भी शामिल होने और करीब 100 राउंड फायरिंग किए जाने का आरोप लगाया था. हालांकि, महिलाओं द्वारा पिस्टल से फायरिंग किए जाने के दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस ने सभी आरोपों की जांच करने की बात कही थी.
तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस कैंप, गिरफ्तारी पर नजर
घटना के बाद से ही बैरी गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. किसी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस गांव में कैंप कर रही है. पुलिस का पूरा ध्यान फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और गोलीकांड से जुड़े साक्ष्य जुटाने पर है. मुख्य आरोपी सेना के जवान की गिरफ्तारी के साथ ही मामले में आगे की कार्रवाई तेज होने की उम्मीद है.






.png)










0 Comments