एक टूटा तार और बिखर गया युवक का संसार ..

चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. परिजनों के मुताबिक, लक्की को बिजली से संबंधित काम की जानकारी थी. ऐसे में वह करंट की चपेट में कैसे आया, यह किसी को पता नहीं चल सका.





               







- श्वेत नगर में घर का बिजली कनेक्शन ठीक करने के दौरान करंट की चपेट में आया 25 वर्षीय युवक, सदर अस्पताल में हुई मौत
- दो बहनों का इकलौता भाई था लक्की, 22 नवंबर को तय थी शादी; जिस घर में आने वाली थी नई बहू, वहां छाया मातम

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिंदगी की नई शुरुआत करने की तैयारी थी. घर में शादी की तारीख को लेकर बातचीत हो रही थी. परिवार को इंतजार था उस दिन का, जब घर में नई बहू आएगी और खुशियों का नया अध्याय शुरू होगा. लेकिन एक टूटे बिजली के तार ने सब कुछ बदल दिया. बुधवार को नगर थाना क्षेत्र के श्वेत नगर वार्ड नंबर सात में करंट की चपेट में आने से 25 वर्षीय लक्की कुमार की मौत हो गई. जिस बेटे के सिर पर सेहरा सजाने का सपना माता-पिता ने देखा था, उसी बेटे की अर्थी उठाने की नौबत आ गई.

मृतक लक्की कुमार, मदन सिंह का इकलौता पुत्र था. उसकी दो बहनें हैं. मिली जानकारी के अनुसार, पेड़ की एक टहनी गिरने से बिजली के पोल से घर तक आने वाला सर्विस तार टूट गया था. बताया जा रहा है कि लक्की टूटे हुए तार को जोड़ने का प्रयास कर रहा था. इसी दौरान वह उसमें प्रवाहित करंट की चपेट में आ गया और जमीन पर गिर पड़ा.

मदद पहुंचने से पहले काफी देर तक पड़ा रहा युवक

हादसे के बाद काफी देर तक किसी की नजर लक्की पर नहीं पड़ी. बाद में स्थानीय लोगों ने उसे जमीन पर पड़ा देखा तो आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया. चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. परिजनों के मुताबिक, लक्की को बिजली से संबंधित काम की जानकारी थी. ऐसे में वह करंट की चपेट में कैसे आया, यह किसी को पता नहीं चल सका.

22 नवंबर की तारीख अब परिवार के लिए बन गई दर्दनाक याद

लक्की की शादी के लिए 22 नवंबर की तारीख तय की गई थी. हालांकि, किसी कारणवश इस तारीख को रद्द कर आगे की तारीख निर्धारित करने की तैयारी चल रही थी. घर में शादी को लेकर चर्चाएं जारी थीं. किसी ने नहीं सोचा था कि शादी की तारीख आगे बढ़ाने की नौबत तो आएगी, लेकिन दूल्हा ही दुनिया से विदा हो जाएगा.

घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई. बताया गया कि पुलिस को घटना की सूचना नहीं दी गई और परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम भी नहीं कराया. अस्पताल से मृत घोषित किए जाने के बाद परिजन शव लेकर घर चले गए.











Post a Comment

0 Comments