छठ महापर्व को लेकर एक्शन में बक्सर प्रशासन: डीएम और एसपी ने गंगा घाटों पर उतरकर परखीं तैयारियां ..

डीएम ने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ तय समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने को कहा, ताकि महापर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके.








               






  • रामरेखा घाट समेत प्रमुख घाटों पर चकाचक सफाई, भरपूर रोशनी और नदी में मजबूत बैरिकेडिंग के सख्त निर्देश
  • सुरक्षा के लिए तैनात रहेंगे स्थानीय गोताखोर और अतिरिक्त पुलिस बल, श्रद्धालुओं से सुरक्षित घाटों पर अर्घ्य देने की अपील

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बक्सर जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है. श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए 13 नवम्बर 2026 को जिला पदाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने खुद मैदान में उतरकर बक्सर अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का संयुक्त निरीक्षण किया.

इस दौरान दोनों अधिकारियों ने शहर के प्रमुख रामरेखा घाट, सिपाही घाट, महादेवा घाट और रानी घाट का बारीकी से जायजा लिया. घाटों की मौजूदा स्थिति देखने के बाद मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को तैयारियों में तेजी लाने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी साहिला ने नगर परिषद बक्सर और नगर पंचायत चौसा के कार्यपालक पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी छठ घाटों और वहां तक जाने वाले पहुंच पथों की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए. रात के समय व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने को कहा गया है. इसके साथ ही, गंगा नदी में गहरे पानी की ओर जाने से रोकने के लिए मजबूत बैरिकेडिंग कराने और अंचलाधिकारी से समन्वय स्थापित कर स्थानीय गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश भी दिया गया. डीएम ने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ तय समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने को कहा, ताकि महापर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके.

दूसरी ओर, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने भी सख्त रुख अपनाया है. उन्होंने प्रमुख छठ घाटों और संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात करने का निर्देश दिया है. एसपी ने कहा कि पर्व के दौरान भीड़ नियंत्रण, सुचारु यातायात व्यवस्था और विधि-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए हर समय तत्पर रहने की हिदायत दी.

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों और श्रद्धालुओं से भी सहयोग की अपील की है. प्रशासन ने आग्रह किया है कि व्रती और श्रद्धालु केवल निर्धारित एवं सुरक्षित छठ घाटों पर ही अर्घ्य अर्पित करें तथा सुरक्षा के मद्देनजर जारी किए गए दिशा-निर्देशों का पालन कर स्वच्छ एवं सुरक्षित छठ महापर्व के आयोजन में अपनी भागीदारी निभाएं.











Post a Comment

0 Comments