नहाय-खाय के साथ बक्सर में लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ शुरु ..

खास बात यह है कि गंगा घाटों की साफ-सफाई के लिए युवाओं की टोलियां स्वयं मौके पर पहुंचकर श्रमदान कर रही हैं. वहीं, अर्घ्य के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए लोगों ने विभिन्न गंगा घाटों पर पहले से ही अपने-अपने नाम लिखकर स्थान सुरक्षित कर लिए हैं.







               






- रामरेखा घाट बना आदर्श घाट, गंगा की लहरों पर पहली बार दिखेगा लेजर लाइट शो 

- चौक-चौराहों पर गूंज रहे छठ गीत, पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ी भीड़

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महाअनुष्ठान छठ शुक्रवार को 'नहाय-खाय' की परंपरा के साथ पूरे बक्सर जिले में श्रद्धा और उल्लास के साथ शुरु हो गया. पहले दिन छठ व्रतियों ने स्वच्छता और सात्विकता के संकल्प के साथ स्नान-ध्यान किया और पूरी शुद्धता के साथ कद्दू की सब्जी, अरवा चावल व चने की दाल का पारंपरिक प्रसाद तैयार कर ग्रहण किया. इसके साथ ही चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन और पावन व्रत की विधिवत शुरुआत हो गई.

नहाय-खाय के अवसर पर सुबह से ही उत्तरवाहिनी गंगा के प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी. इस बार ऐतिहासिक रामरेखा घाट को 'आदर्श घाट' के रूप में भव्य तरीके से विकसित किया गया है. इसके अलावा नाथ बाबा घाट, सिद्धनाथ घाट, सती घाट और गोला घाट समेत अन्य घाटों पर भी आस्था का सैलाब दिखा. खास बात यह है कि गंगा घाटों की साफ-सफाई के लिए युवाओं की टोलियां स्वयं मौके पर पहुंचकर श्रमदान कर रही हैं. वहीं, अर्घ्य के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए लोगों ने विभिन्न गंगा घाटों पर पहले से ही अपने-अपने नाम लिखकर स्थान सुरक्षित कर लिए हैं, ताकि आसानी से यह पहचान हो सके कि उन्हें कहां बैठना है.

चौक-चौराहों पर गूंजे छठ गीत, पेंटिंग्स से दिया जा रहा स्वच्छता का संदेश महापर्व को लेकर पूरे नगर में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था की गई है. नगर के विभिन्न चौक-चौराहों, खासकर रेलवे स्टेशन रोड के सभी चौराहों पर लाउडस्पीकर लगाए गए हैं, जिनसे गूंजते पारंपरिक छठ गीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया है. इसके साथ ही नगर के कई इलाकों तथा रामरेखा घाट के आसपास दीवारों पर छठ महापर्व और स्वच्छता से जुड़ी आकर्षक पेंटिंग्स बनाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है.

गंगा की लहरों पर पहली बार दिखेगा भव्य लेजर लाइट शो श्रद्धालुओं के लिए इस बार एक बड़ा आकर्षण यह भी है कि जिला प्रशासन की ओर से पहली बार लेजर लाइट शो का आयोजन किया जाएगा. इसमें गंगा की लहरों पर लेजर लाइट के माध्यम से सुंदर आकृतियां उकेरी जाएंगी, जिनमें छठी मैया की महिमा का भव्य चित्रण किया जाएगा. प्रशासन की इस अनूठी पहल को लेकर नगरवासियों और व्रतियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है.

पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ा जनसैलाब दूसरी ओर, पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए बाजारों में जबरदस्त रौनक देखी जा रही है. मुनीम चौक, पीपरपांती रोड, मेन रोड, ठठेरी बाजार समेत नगर के विभिन्न इलाकों में ईंख, फल, बांस के सूप, दउरा के साथ-साथ मिट्टी के बर्तन और दीयों की दुकानें सजाई गई हैं, जहां सुबह से देर शाम तक खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है. शहरी क्षेत्र के साथ-साथ डुमरांव, ब्रह्मपुर, इटाढ़ी, राजपुर, चौसा और सिमरी प्रखंडों में भी उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है.

शनिवार को खरना के साथ शुरु होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत चार दिवसीय इस महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को 'खरना' का अनुष्ठान संपन्न होगा. इस दिन व्रती दिनभर उपवास रखकर शाम को गुड़ से बनी खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगे, जिसके साथ ही 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरु हो जाएगा. इसके बाद रविवार की शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को प्रथम यानी संध्या अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही आस्था का यह महापर्व संपन्न होगा.











Post a Comment

0 Comments