खेल के मैदान में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, बाल संवाद में रखी अपनी बात ..

कहा कि प्रत्येक दिवस हमें कुछ नया सीखने, प्रेरणा लेने और उसके महत्व को समझने का अवसर देता है. बाल दिवस पंडित जवाहरलाल नेहरू के व्यक्तित्व और बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह की याद दिलाता है.







               




- बाल दिवस की पूर्व संध्या पर बिहार सेंट्रल स्कूल में खेल प्रतियोगिताओं के साथ रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन

- बच्चों को बांटी गई प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें 

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : बाल दिवस का उत्साह शुक्रवार को शहर के बाइपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल में देखने को मिला. विद्यालय परिसर में बच्चों के लिए खेल का मैदान भी सजा और उन्हें अपनी बात रखने का मंच भी मिला. मौका था बाल दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित बाल-क्रीड़ा एवं बाल संवाद कार्यक्रम का, जिसमें विद्यार्थियों ने खेल प्रतियोगिताओं में दमखम दिखाने के साथ सामाजिक मुद्दों पर अपने विचार भी साझा किए.

कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए विद्यालय के सचिव सरोज सिंह ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उन्होंने कहा कि प्रत्येक दिवस हमें कुछ नया सीखने, प्रेरणा लेने और उसके महत्व को समझने का अवसर देता है. बाल दिवस पंडित जवाहरलाल नेहरू के व्यक्तित्व और बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह की याद दिलाता है.

उन्होंने कहा कि बच्चों को स्वच्छ वर्तमान और सुरक्षित भविष्य देना केवल नैतिक एवं सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी का कर्तव्य है. बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल, रचनात्मकता और विचारों की अभिव्यक्ति को भी समान महत्व मिलना चाहिए.

कार्यक्रम के दौरान दौड़, लंबी कूद, स्पून रेस और म्यूजिकल चेयर जैसी प्रतियोगिताओं में जूनियर एवं सीनियर वर्ग के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया. प्रतियोगिताओं में बच्चों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला. जूनियर वर्ग में नर्सरी के शिवांश और मुस्कान ने क्रमशः प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त किया. वहीं, सीनियर वर्ग में आनंद, सलोनी और अमृता ने अपने-अपने वर्गों में बेहतर प्रदर्शन कर उपलब्धि हासिल की. नौवीं कक्षा की प्रतियोगिताओं में सोनाली भारद्वाज, अर्पित सिंह, अनमोल और राजनंदिनी ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया.

खेल के साथ विचारों को भी मिला मंच

कार्यक्रम का खास आकर्षण बाल संवाद रहा. इसमें बच्चों ने वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों पर खुलकर अपनी बातें रखीं और अपने अनुभवों एवं सुझावों को साझा किया. इसके साथ ही विद्यार्थियों के बीच निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकों का वितरण भी किया गया.

आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में खेल भावना, रचनात्मक सोच, सामाजिक समझ और आत्मविश्वास विकसित करना था. खेल, संवाद और पुस्तक वितरण के जरिए बच्चों को पढ़ाई के साथ व्यक्तित्व विकास के लिए भी प्रेरित किया गया.











Post a Comment

0 Comments