नुआंव गांव के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सड़क किनारे निर्माण कार्य में लगी मिक्सर मशीन के ट्रक और पानी के टैंकर से जा टकराई.

भीषण टक्कर में कार का अगला हिस्सा हुआ चकनाचूर
तीन लोग गंभीर रूप से घायल; महिला और दो बच्चियां सुरक्षित
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : देवघर में बाबा बैद्यनाथ के दर्शन कर लखनऊ लौट रहे एक परिवार की खुशियां शनिवार की सुबह मातम में बदल गईं. कृष्णब्रह्म थाना क्षेत्र के नुआंव गांव के पास तेज रफ्तार अर्टिगा कार सड़क किनारे खड़े पानी के टैंकर और मिक्सर मशीन से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया. हादसे में पिता और 14 वर्षीय पुत्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. कार में सवार एक महिला और दो बच्चियां सुरक्षित बच गईं. घायलों का इलाज बक्सर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अर्टिगा कार पटना की ओर से तेज रफ्तार में आ रही थी. इसी दौरान नुआंव गांव के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सड़क किनारे निर्माण कार्य में लगी मिक्सर मशीन के ट्रक और पानी के टैंकर से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए.
चीख-पुकार के बीच स्थानीय लोगों ने चलाया बचाव अभियान
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई. कार में फंसे लोगों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग और एनएचएआई के कर्मी तत्काल बचाव कार्य में जुट गए. काफी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. सूचना मिलने पर कृष्णब्रह्म थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी.
लखनऊ के रहने वाले थे मृतक, परिजनों को दी गई सूचना
कृष्णब्रह्म थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है. मृतकों की पहचान लखनऊ निवासी 40 वर्षीय आकाश द्विवेदी और उनकी 14 वर्षीय पुत्री पीहू कुमारी के रूप में हुई है. दोनों रिश्ते में पिता-पुत्री थे. हादसे में परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि एक महिला और दो बच्चियां सुरक्षित हैं. सभी लखनऊ के रहने वाले हैं. मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.






.png)








0 Comments