हर मुसाफिर सुरक्षित लौटे घर, इसी संकल्प के साथ हाईवे पर उतरे 'रक्षक' ..

टोल प्लाजा परिसर और हाईवे के किनारों पर दिल को छू लेने वाले प्रेरक बैनर और पोस्टर लगाए गए हैं, जो वाहन चालकों को यह अहसास करा रहे हैं कि उनकी एक छोटी सी लापरवाही पूरे परिवार की खुशियां छीन सकती है. 









        
  • एनएच-922 स्थित दलसागर टोल प्लाजा से सड़क सुरक्षा महा जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ, बैनर-पोस्टर से दिया जीवन रक्षा का संदेश
  • जिले के ग्रामीण क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों तक पहुंचेगी मुहिम, युवाओं और आम नागरिकों से जुटने का किया गया आह्वान

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : राष्ट्रीय राजमार्ग-922 पर रफ्तार के कहर को थामने और सड़क हादसों में बुझते घरों के चिरागों को बचाने के उद्देश्य से बुधवार को दलसागर टोल प्लाजा से एक नई सामाजिक पहल की शुरुआत हुई. 'रक्षक - The Road Safety Mission' के बैनर तले शुरू किए गए इस सड़क सुरक्षा महा जनजागरूकता अभियान ने पहले ही दिन राहगीरों का ध्यान अपनी ओर खींचा. अभियान के तहत टोल प्लाजा परिसर और हाईवे के किनारों पर दिल को छू लेने वाले प्रेरक बैनर और पोस्टर लगाए गए हैं, जो वाहन चालकों को यह अहसास करा रहे हैं कि उनकी एक छोटी सी लापरवाही पूरे परिवार की खुशियां छीन सकती है. इसके माध्यम से हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, नियंत्रित गति और नशामुक्त ड्राइविंग का संदेश दिया जा रहा है.

इस मुहिम का नेतृत्व कर रहे संयोजक कृष्णा शर्मा ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में अपनों को खोने का दर्द वही समझ सकता है, जिसका परिवार इस त्रासदी से गुजरा हो. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान किसी औपचारिकता या नाम कमाने के लिए नहीं, बल्कि सड़कों पर बहते खून को रोकने और हर सफर को सुरक्षित बनाने का एक ईमानदार प्रयास है. श्री शर्मा के मुताबिक, जब तक आम नागरिक सड़क सुरक्षा को कानून के डर से नहीं, बल्कि अपने परिवार और समाज के प्रति जिम्मेदारी समझकर नहीं अपनाएंगे, तब तक हादसों पर पूरी तरह लगाम लगाना संभव नहीं है.

अभियान की आगामी रूपरेखा साझा करते हुए बताया गया कि यह जागरूकता रथ केवल टोल प्लाजा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले दिनों में बक्सर जिले के विभिन्न प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और ग्रामीण इलाकों तक भी पहुंचेगा. मिशन के तहत न केवल लोगों को नियमों के प्रति सचेत किया जाएगा, बल्कि दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को बिना किसी हिचक के समय पर अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा. इस जनहितकारी मुहिम में युवाओं, समाजसेवियों और वाहन चालकों से सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है. साथ ही, राहगीरों को आपात स्थिति में त्वरित मदद के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्पलाइन 1033, पुलिस सेवा 112 और एम्बुलेंस के लिए 102 नंबर डायल करने के प्रति भी जागरूक किया गया.
















Post a Comment

0 Comments