कोइरपुरवा की प्रियंका कुमारी ने तीसरे प्रयास में पाई बीपीएससी में सफलता, पिता के संघर्षों का जिक्र कर हुईं भावुक ..

वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर की पढ़ाई करते हुए वे पूरी लगन से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में जुट गईं. आर्थिक तंगी और संसाधनों की कमी के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और तीसरे प्रयास में सफलता अर्जित कर परिवार का मान बढ़ाया.








           

  • ज्योति प्रकाश चौक पर छोटी सी दुकान चलाकर परिवार पालने वाले गंगासागर ठाकुर की बेटी ने हासिल किया मुकाम
  • बक्सर के ही एमपी हाई स्कूल और एमवी कॉलेज से पूरी की है अपनी प्रारंभिक व उच्च शिक्षा.

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर के कोइरपुरवा मोहल्ला निवासी गंगासागर ठाकुर की पुत्री प्रियंका कुमारी ने विपरीत आर्थिक परिस्थितियों को मात देते हुए अपने तीसरे प्रयास में बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा में सफलता हासिल की है. मंगलवार (24 नवंबर) को परिणाम सामने आने के बाद से ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है.

प्रियंका के पिता गंगासागर ठाकुर और उनके भाई पिंटू ठाकुर शहर के ज्योति प्रकाश चौक पर एक छोटी सी दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. सीमित आय में छह बेटों और एक बेटी की परवरिश व पढ़ाई-लिखाई का खर्च उठाना दोनों भाइयों के लिए बड़ी चुनौती थी. इसके बावजूद पिता ने प्रियंका की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी. मीडिया से बातचीत के दौरान अपने संघर्ष और पिता के त्याग को याद कर प्रियंका भावुक हो गईं और उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े.

प्रियंका ने अपनी पूरी पढ़ाई बक्सर में रहकर ही पूरी की है. उन्होंने शहर के एमपी हाई स्कूल से मैट्रिक की परीक्षा पास करने के बाद महर्षि विश्वामित्र (एमवी) कॉलेज से इंटरमीडिएट और स्नातक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर की पढ़ाई करते हुए वे पूरी लगन से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में जुट गईं. आर्थिक तंगी और संसाधनों की कमी के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और तीसरे प्रयास में सफलता अर्जित कर परिवार का मान बढ़ाया.

अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और परिवार के सहयोग को देते हुए प्रियंका ने छात्र-छात्राओं को संदेश दिया कि आर्थिक स्थिति चाहे जैसी भी हो, यदि लक्ष्य तय कर निरंतर मेहनत और लगन से पढ़ाई की जाए, तो सफलता निश्चित मिलती है.

इधर, प्रियंका की इस उपलब्धि पर 'राष्ट्रीय नाई सभा' की ओर से उनके आवास पर पहुंचकर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया. इस अवसर पर बृजमोहन ठाकुर, सरोज राजभर, संजय कुमार, सुरेंद्र ठाकुर, कृष्णावती देवी, जितेंद्र ठाकुर, पार्षद प्रतिनिधि राजू ठाकुर, अविनाश मौर्य, अख्तर आह्वान, अजीत राम, रवि राज, दीनानाथ ठाकुर, पत्रकार राजकुमार ठाकुर, राम इकबाल ठाकुर और जगदीश ठाकुर सहित कई गणमान्य लोगों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.
















Post a Comment

0 Comments