कहा कि आध्यात्मिक कथा के लिए आने वाले किसी भी संत का स्वागत है, लेकिन यदि कथा की आड़ में दिव्य दरबार, पर्चा निकालने या भूत-प्रेत से जुड़े दावों के जरिए लोगों को गुमराह करने की कोशिश हुई, तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

- जनप्रतिनिधियों के कामकाज पर भी बरसे बहुजन सेना प्रमुख, कहा— 'आरओबी टूटने और जर्जर सड़कों के लिए वे ही जिम्मेदार'.
'पर्चा तंत्र' को बताया ठगी, आयोजन रोकने की दी चेतावनी
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : बागेश्वर धाम प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के संभावित आगमन को लेकर जिले का सियासी और सामाजिक पारा चढ़ गया है. जहां एक खेमा आयोजन की तैयारियों में जुटा है, वहीं बहुजन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार ने इस कार्यक्रम के स्वरूप और धीरेंद्र शास्त्री की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने दो टूक कहा कि भगवान राम की तपोभूमि और शिक्षास्थली कहे जाने वाले बक्सर को अंधविश्वास की प्रयोगशाला नहीं बनने दिया जाएगा.
पत्रकारों से बात करते हुए अनिल कुमार ने कहा कि आध्यात्मिक कथा के लिए आने वाले किसी भी संत का स्वागत है, लेकिन यदि कथा की आड़ में दिव्य दरबार, पर्चा निकालने या भूत-प्रेत से जुड़े दावों के जरिए लोगों को गुमराह करने की कोशिश हुई, तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने 'पर्चा निकालने' की प्रथा को ठगी का जरिया बताते हुए कहा कि ऐसी स्थिति में कड़ा विरोध होगा और आयोजन को बीच में रोकने तक की नौबत लाई जा सकती है.
पुराने बयानों पर भड़के, कोर्ट में केस करने का ऐलान
अनिल कुमार ने आरोप लगाया कि धीरेंद्र शास्त्री ने अतीत में भगवान राम और सनातन परंपरा से जुड़े विषयों पर ऐसी टिप्पणियां की हैं, जो मर्यादा के विरुद्ध हैं. उन्होंने कहा कि देवताओं को लेकर की गई तुलना और बयानों से उनकी आस्था को ठेस पहुंची है. इसी आधार पर उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ अदालत में परिवाद या मुकदमा दायर करने की बात कही.
'भगवान से फोन पर बात' करने के दावे पर कसा तंज
हनुमान जी से सीधे संवाद होने के दावे पर चुटकी लेते हुए अनिल कुमार ने कहा कि आज के समय में आम लोगों से मोबाइल पर संपर्क आसान है, लेकिन यदि किसी के पास ऐसा माध्यम है जिससे ईश्वर से सीधी बातचीत होती हो, तो उसे सार्वजनिक रूप से प्रमाणित किया जाना चाहिए. उन्होंने पूर्व की एक घटना का हवाला देते हुए दरबार में होने वाले दावों की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाए.
संविधान दिवस के संदर्भ में लोकतांत्रिक विरोध की बात
संविधान दिवस का जिक्र करते हुए बहुजन सेना के अध्यक्ष ने कहा कि उनका संगठन संवैधानिक मर्यादाओं में विश्वास रखता है, लेकिन यदि बक्सर में अंधविश्वास को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया, तो लोकतांत्रिक तरीके से पुरजोर विरोध दर्ज कराया जाएगा और उन्हें बिना उद्देश्य पूरे किए लौटने पर मजबूर कर दिया जाएगा.
सांसद और विधायकों के प्रदर्शन पर भी बोले हमला
बक्सर पहुंचे अनिल कुमार ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी अपने निशाने पर लिया. उन्होंने आरओबी (रेल ओवरब्रिज) के क्षतिग्रस्त होने के मुद्दे पर सांसद सुधाकर सिंह और सदर विधायक आनंद मिश्र की भूमिका पर सवाल उठाए. सांसद सुधाकर सिंह पर तंज कसते हुए उन्होंने कथित धान प्रकरण का जिक्र किया और आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों का ध्यान विकास के बजाय कमीशनखोरी पर रहता है.
सदर विधायक आनंद मिश्र के एक वर्ष के कार्यकाल को लेकर उन्होंने प्रस्तावित या गिनाई गई सड़कों की जांच की मांग की और जासो रोड की बदहाल स्थिति का उदाहरण दिया. वहीं, डुमरांव विधायक राहुल सिंह द्वारा थानाध्यक्ष पर फोन रिकॉर्ड करने के आरोपों पर टिप्पणी करते हुए अनिल कुमार ने कहा कि संभवतः किसी लेनदेन की बात को लेकर उन्हें रिकॉर्डिंग की आशंका सता रही होगी.
इस दौरान सुभाष गौतम, अभिमन्यु कुशवाहा, संजय कुमार मंडल और सुशील कुशवाहा समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे.









.png)








0 Comments