बिहार से कोई नाता नहीं, फिर भी भगवान वामन की भक्ति ने छत्तीसगढ़ के भक्त को बक्सर से जोड़ा, भेजी आर्थिक सहायता ..

भगवान वामन के प्रति उनकी श्रद्धा और यहां नियमित रूप से आयोजित होने वाले कार्यक्रम से प्रभावित होकर उन्होंने सहयोग किया है. यह इस बात का उदाहरण है कि धार्मिक आस्था भौगोलिक दूरियों की मोहताज नहीं होती.

वामन मंदिर में आयोजित दीपोत्सव (फाइल इमेज)





               




  • हर गुरुवार भगवान वामन के द्वार पर होती है आरती और प्रसाद वितरण, 12 नवंबर को भी होगा आयोजन.
  • छत्तीसगढ़ के साकी जिले से तरस लाल साहू ने धार्मिक आस्था के तहत भेजी सहयोग राशि, फाउंडेशन ने जताया आभार.

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : आस्था की कोई सीमा नहीं होती. भगवान के प्रति श्रद्धा इंसान को हजारों किलोमीटर दूर बैठे भी एक-दूसरे से जोड़ देती है. इसकी एक मिसाल बक्सर में देखने को मिली है, जहां भगवान वामन के प्रति आस्था रखते हुए छत्तीसगढ़ के एक श्रद्धालु ने नियमित धार्मिक आयोजन में अपना योगदान भेजा है. खास बात यह है कि श्रद्धालु का बिहार से कोई जुड़ाव नहीं है, इसके बावजूद भगवान वामन के प्रति श्रद्धा ने उन्हें बक्सर से जोड़ दिया.

दरअसल, वामन ग्लोबल फाउंडेशन की ओर से प्रत्येक गुरुवार भगवान वामन के द्वार पर संध्या पांच बजे आरती और प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाता है. इसी क्रम में 12 नवंबर, गुरुवार को भी धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होगा. इस आयोजन की जानकारी विभिन्न समाचार माध्यमों के जरिए छत्तीसगढ़ के साकी जिले के निवासी तरस लाल साहू को मिली. इसके बाद उन्होंने धार्मिक आस्था के तहत फाउंडेशन को 2101 रुपये की सहयोग राशि भेजी.

वामन ग्लोबल फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ राकेश कुमार राय उर्फ कल्लू राय ने बताया कि तरस लाल साहू का बिहार से कोई जुड़ाव नहीं है. इसके बावजूद भगवान वामन के प्रति उनकी श्रद्धा और यहां नियमित रूप से आयोजित होने वाले कार्यक्रम से प्रभावित होकर उन्होंने सहयोग किया है. यह इस बात का उदाहरण है कि धार्मिक आस्था भौगोलिक दूरियों की मोहताज नहीं होती.

डॉ राय ने बताया कि भगवान वामन मंदिर को जेल परिसर से अलग किए जाने का आदेश जारी होने के बाद से ही प्रत्येक गुरुवार यह आयोजन नियमित रूप से किया जा रहा है. इसमें श्रद्धालु शामिल होकर पूजा-अर्चना करते हैं और प्रसाद ग्रहण करते हैं. उन्होंने सहयोग के लिए छत्तीसगढ़ निवासी तरस लाल साहू के प्रति आभार जताया और कहा कि ऐसे सहयोग से धार्मिक आयोजन को निरंतर आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलती है.

12 नवंबर को भी होगा आयोजन

वामन ग्लोबल फाउंडेशन की ओर से गुरुवार को संध्या पांच बजे भगवान वामन के द्वार पर आरती एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा. फाउंडेशन ने सभी श्रद्धालुओं से आयोजन में शामिल होने की अपील की है.











Post a Comment

0 Comments