सत्ता पक्ष और जिले के एनडीए विधायकों की कार्यप्रणाली पर तीखा प्रहार किया. उन्होंने बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्र के एक वर्षीय रिपोर्ट कार्ड को सिरे से खारिज करते हुए इसे जनता की आंखों में धूल झोंकने वाला बताया.

- कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने विधायक आनंद मिश्र के रिपोर्ट कार्ड को बताया भ्रामक, बोले- पुरानी सड़कों का श्रेय ले रहे जनप्रतिनिधि
- इटाढ़ी गुमटी बंद करने के फैसले का होगा कड़ा विरोध, आरओबी के दो साल सफल ट्रायल की रखी शर्त
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : राज्य की नई सरकार के एक वर्ष और मुख्यमंत्री के आठ महीने के कार्यकाल को विफल बताते हुए महागठबंधन के नेताओं ने सोमवार को सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. 'एक साल, बक्सर बदहाल' अभियान के तहत आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने सत्ता पक्ष और जिले के एनडीए विधायकों की कार्यप्रणाली पर तीखा प्रहार किया. उन्होंने बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्र के एक वर्षीय रिपोर्ट कार्ड को सिरे से खारिज करते हुए इसे जनता की आंखों में धूल झोंकने वाला बताया.
एक भी नई योजना को नहीं मिली मंजूरी प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पंकज उपाध्याय ने कहा कि बीते एक वर्ष में जिले की चार में से तीन सीटों पर एनडीए के विधायक होने के बावजूद बुनियादी विकास पूरी तरह अवरुद्ध है. उन्होंने दावा किया कि इस अवधि में ग्रामीण कार्य, पथ निर्माण और भवन निर्माण जैसे प्रमुख विभागों से बक्सर के लिए एक भी नई निविदा या निर्माण योजना स्वीकृत नहीं हुई है. विधायक के दावों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से छह माह पूर्व निर्मित सड़कों को अब अपनी उपलब्धि बताकर पीठ थपथपाई जा रही है. इसके उलट, पहले से बनी अच्छी सड़कें भी देखरेख के अभाव में टूट चुकी हैं. जासो-डुमरांव मार्ग की जर्जर स्थिति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि गड्ढों के कारण आए दिन ई-रिक्शा पलटने से हादसे हो रहे हैं और आम लोगों की जान जा रही है.
बड़े वादों की आड़ में बुनियादी मुद्दों से भटकाव कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि स्थानीय समस्याओं के समाधान के बजाय लोगों को मरीन ड्राइव, बक्सर-भागलपुर सिक्स-लेन और बुलेट ट्रेन के ठहराव जैसे लोकलुभावन सपने दिखाए जा रहे हैं. स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल को मल्टीस्पेशलिटी बनाने की बातें तो हो रही हैं, लेकिन पूर्व विधायक के कार्यकाल में तैयार हुआ आईसीयू भवन आज तक चालू नहीं हो पाया है. इसके साथ ही, 54 जले हुए ट्रांसफार्मर बदलने जैसी सामान्य विभागीय प्रक्रिया को रिपोर्ट कार्ड में उपलब्धि के रूप में पेश करने को उन्होंने हास्यास्पद और शर्मनाक करार दिया.
आरओबी की गुणवत्ता पर उठाए सवाल, दी आंदोलन की चेतावनी चौसा और बक्सर रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के निर्माण में लापरवाही का आरोप लगाते हुए पंकज उपाध्याय ने कहा कि जल्दबाजी में श्रेय लेने की राजनीति के चलते पुल उद्घाटन के एक महीने के भीतर ही क्षतिग्रस्त हो गया. उन्होंने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि जब तक इस आरओबी का दो वर्षों तक सफलतापूर्वक ट्रायल नहीं हो जाता, तब तक महागठबंधन जनहित में इटाढ़ी रेलवे गुमटी को किसी भी कीमत पर बंद नहीं होने देगा.
प्रेस वार्ता के दौरान राजद जिलाध्यक्ष शेष नाथ सिंह, पूर्व विधायक अजीत कुमार सिंह, पूर्व विधायक विश्वनाथ राम, राजद झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष संतोष भारती और पप्पू दूबे सहित महागठबंधन के कई प्रमुख नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
वीडियो :








.png)










0 Comments