उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है.
- दो खिलाड़ियों ने जीता स्वर्ण, स्कूल की प्रार्थना सभा में हुआ सम्मान; गोल्ड मेडलिस्ट को मिले 55 हजार रुपये के प्रोत्साहन राशि के ड्राफ्ट
- सचिन और सौरभ का स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया में हुआ चयन, विद्यालय में खुशी का माहौल
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : एनसीआर, दिल्ली में आयोजित डीएवी नेशनल गेम्स में डीएवी पब्लिक स्कूल, बक्सर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का परचम लहराया है. विभिन्न खेल स्पर्धाओं में दमदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय के खिलाड़ियों ने कुल 10 पदक अपने नाम किए. इस उपलब्धि में दो स्वर्ण, चार रजत और चार कांस्य पदक शामिल हैं. खिलाड़ियों की इस सफलता से विद्यालय परिवार के साथ जिले का भी मान बढ़ा है.
ताइक्वांडो में दो स्वर्ण, अन्य खेलों में भी दिखाया दम
प्रतियोगिता में ताइक्वांडो स्पर्धा में सचिन कुमार सिंह और प्रभाकर द्विवेदी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया. वहीं, पलक वर्मा ने रजत और जय कुमार एवं पूर्वी सिन्हा ने कांस्य पदक जीता.
कुश्ती में आराध्या सिंह ने रजत और ऋषभ चौहान ने कांस्य पदक अपने नाम किया. जूडो में मानताशा आदिरा ने रजत पदक हासिल किया. जबकि बॉक्सिंग में अंशिका शेखर ने रजत और आरोही ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय की उपलब्धियों में इजाफा किया.
गोल्ड मेडलिस्ट को 55 हजार की प्रोत्साहन राशि
खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय की प्रातःकालीन प्रार्थना सभा में विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया. इस दौरान प्राचार्य सह प्रक्षेत्र पदाधिकारी वी. आनंद कुमार ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया. उन्होंने स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों को कुल 55 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि के ड्राफ्ट प्रदान किए.
इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है. उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया.
दो खिलाड़ियों का एसएआई में चयन
विद्यालय के लिए राष्ट्रीय पदक जीतने के साथ एक और बड़ी उपलब्धि सामने आई है. विद्यालय के खिलाड़ी सचिन कुमार सिंह और सौरभ कुमार सिंह का स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एसएआई) में चयन हुआ है. इसे विद्यालय की खेल प्रतिभाओं के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.
खिलाड़ियों की इस सफलता से विद्यालय परिवार, अभिभावकों और शिक्षकों में खुशी का माहौल है. विद्यालय प्रबंधन ने इस उपलब्धि का श्रेय खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, प्रशिक्षकों के समर्पण और विद्यालय की बेहतर खेल संस्कृति को दिया है.







.png)










0 Comments