युवक ने स्वीकार किया कि वह नानी की पेंशन के रुपये बैंक से निकालकर ला रहा था. पैसों के लालच में उसने छिनतई की झूठी कहानी गढ़ दी और लूट होने का शोर मचाने लगा. पुलिस ने उसके पास से पूरी रकम बरामद कर ली और उसे कड़ी फटकार लगाई.

- सिविल लाइन में बाइक सवार से हथियार के बल पर लूट की दी सूचना, सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर हुआ शक
- नानी की पेंशन के पैसे लेकर जा रहा था युवक, पुलिस की पूछताछ में कबूला सच; पास से ही बरामद हुए रुपये
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : शहर के सिविल लाइन मोहल्ले में मंगलवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो अपराधियों द्वारा हथियार के बल पर 22 हजार रुपये छीनने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. हालांकि, पुलिस की सतर्कता और सीसीटीवी फुटेज की जांच ने कुछ ही देर में कथित लूटकांड की कहानी की पोल खोल दी. जिस युवक ने छिनतई की शिकायत की थी, उसी के पास से पूरी रकम बरामद हो गई.
मिली जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन मोहल्ला निवासी मनीष सिन्हा अपनी नानी की पेंशन के करीब 22 हजार रुपये बैंक से निकालकर बाइक से घर लौट रहा था. इसी दौरान पुराने सदर अस्पताल के पास पहुंचकर उसने शोर मचाना शुरू कर दिया कि बाइक सवार दो अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर रुपये छीन लिए और फरार हो गए.
सूचना मिलते ही टाउन थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए. फुटेज देखने के बाद पुलिस को युवक की बताई कहानी पर संदेह हुआ.
इसके बाद पुलिस ने युवक से सख्ती से पूछताछ की तो पूरा मामला सामने आ गया. युवक ने स्वीकार किया कि वह नानी की पेंशन के रुपये बैंक से निकालकर ला रहा था. पैसों के लालच में उसने छिनतई की झूठी कहानी गढ़ दी और लूट होने का शोर मचाने लगा. पुलिस ने उसके पास से पूरी रकम बरामद कर ली और उसे कड़ी फटकार लगाई.
इस तरह जिस छिनतई की सूचना से पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई थी, वह जांच में मनगढ़ंत निकली. पुलिस की तत्परता से न सिर्फ रुपये बरामद हो गए, बल्कि झूठी सूचना देकर पुलिस को उलझाने का मामला भी सामने आ गया.






.png)








0 Comments