नशे के खिलाफ बक्सर में जन-जागरण, एक महीने में 45 हजार से अधिक लोगों ने ली नशा मुक्ति की प्रतिज्ञा ..

इस व्यापक जनजागरूकता अभियान का औपचारिक समापन 26 नवंबर 2026 को बक्सर समाहरणालय के सभागार में आयोजित 'बक्सर बिट्स 2.0' कार्यक्रम के दौरान हुआ, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, युवाओं और खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.








               


  • स्कूल-कॉलेज से लेकर जेल और छठ घाटों तक गूंजा नशा मुक्ति का संदेश 
  • समाहरणालय सभागार में 'बक्सर बिट्स 2.0' के साथ अभियान का समापन. प्रशासन और युवाओं की रही सक्रिय भागीदारी

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नशा मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में बक्सर जिले ने एक बड़ा और प्रेरणादायी कदम बढ़ाया है. प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा चलाए गए राज्यव्यापी नशा मुक्ति महाअभियान के अंतर्गत बक्सर क्षेत्र में महज एक महीने के भीतर 45,000 से अधिक लोगों को नशा त्यागने और समाज को नशामुक्त बनाने की प्रतिज्ञा दिलाई गई. इस व्यापक जनजागरूकता अभियान का औपचारिक समापन 26 नवंबर 2026 को बक्सर समाहरणालय के सभागार में आयोजित 'बक्सर बिट्स 2.0' कार्यक्रम के दौरान हुआ, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, युवाओं और खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.

इस राज्यव्यापी महाअभियान की नींव अगस्त 2026 में रखी गई थी, जब भारत सरकार और ब्रह्माकुमारीज़ के संयुक्त तत्वावधान में 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' के तहत देशभर में 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा का संकल्प लिया गया. 2 अगस्त 2026 को पटना के लोक भवन में राज्यपाल महोदय और मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में इसकी राज्य स्तरीय लॉन्चिंग हुई. इसके पश्चात 27 अगस्त को पटना के बापू सभागार में मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री श्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, मद्य निषेध मंत्री श्री मदन सहनी, बिहार-पटना सब-जोन प्रभारी राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी संगीता दीदी और माउंट आबू से पधारे वरिष्ठ डॉ. बीके सचिन परब की गरिमामयी उपस्थिति में बिहार सरकार और ब्रह्माकुमारीज़ के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए.

अभियान को धरातल पर उतारने के लिए 27 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक एक महीने का विशेष राज्यव्यापी कार्यक्रम चलाया गया. बक्सर के बाबानगर डिफेंस कॉलोनी स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा इस मुहिम को जिले के कोने-कोने तक पहुँचाया गया. इस दौरान सरकारी व गैर-सरकारी स्कूलों, डिग्री व इंजीनियरिंग कॉलेजों, जिले की तीनों जेलों, सभी प्रखंडों के जीविका CLFs और छठ घाटों सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए. आध्यात्मिकता और राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से बच्चों, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया.

समाहरणालय सभागार में आयोजित समापन समारोह 'बक्सर बिट्स 2.0' में विभिन्न कॉलेजों के विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को 'युवा चुनौती एवं नशा मुक्ति' विषय पर संबोधित किया गया. इस अवसर पर जिलाधिकारी बक्सर, उप विकास आयुक्त, डीएसपी साइबर, डीएसपी बक्सर, मद्यनिषेध अधीक्षक तथा ब्रह्माकुमारीज़ से ब्रह्माकुमार अंकित उपस्थित रहे. अभियान की सफलता में जिला प्रशासन, मद्य-निषेध विभाग और जीविका बक्सर की सक्रिय भूमिका रही.

बक्सर सेवा केंद्र की संचालिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी रानी दीदी ने कहा कि विकसित भारत, संपन्न बिहार और संपन्न बक्सर का सपना नशामुक्त समाज के बिना अधूरा है. उन्होंने आमजन से सुख-शांति और स्व-उन्नति के लिए राजयोग मेडिटेशन अपनाने की अपील की. पिछले 90 वर्षों से विश्व और 25 वर्षों से बक्सर में समाज कल्याण में जुटी संस्था का यह अभियान समझौता ज्ञापन के तहत आगामी 3 वर्षों तक निरंतर जारी रहेगा.
















Post a Comment

0 Comments