इस कार्रवाई को अधूरा बताते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जब इस घोटाले में तीन से चार लोगों की संलिप्तता उजागर हो रही है, तो केवल एक कर्मचारी पर गाज गिराकर पूरे मामले को रफा-दफा करने की कोशिश किसी भी सूरत में उचित नहीं है.
- दिवंगत टैक्स दरोगा की बंद अलमारी को बिना मजिस्ट्रेट और वीडियोग्राफी के तोड़ने पर उठे गंभीर सवाल, दस्तावेजों से छेड़छाड़ की आशंका
- पुराने चेयरमैन कार्यकाल के इस मामले में 'दिशा' की बैठक में सांसद सुधाकर सिंह भी कर चुके हैं सभी दोषियों पर कार्रवाई की मांग
- चेयरमैन प्रतिनिधि ने जिलाधिकारी से की निष्पक्ष जांच और बोर्ड के समक्ष सारे साक्ष्य सार्वजनिक करने की अपील
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर: नगर परिषद में हुए बहुचर्चित होल्डिंग टैक्स घोटाले की जांच और कार्रवाई की दिशा पर अब गंभीर सवाल उठने लगे हैं. इस मामले में कार्यपालक सहायक आशुतोष कुमार को दोषी मानते हुए समाहरणालय वापस भेजे जाने के बाद मामला शांत होने के बजाय और गरमा गया है. चेयरमैन प्रतिनिधि नियामतुल्लाह फरीदी ने इस कार्रवाई को अधूरा बताते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जब इस घोटाले में तीन से चार लोगों की संलिप्तता उजागर हो रही है, तो केवल एक कर्मचारी पर गाज गिराकर पूरे मामले को रफा-दफा करने की कोशिश किसी भी सूरत में उचित नहीं है.
सांसद भी उठा चुके हैं सवाल, पुराने कार्यकाल से जुड़े हैं तार
नियामतुल्लाह फरीदी ने कहा कि हाल ही में 'दिशा' (DISHA) की बैठक में अध्यक्ष के साथ-साथ बक्सर सांसद सुधाकर सिंह ने भी इस मामले को गंभीरता से उठाते हुए तीन लोगों की भूमिका की जांच करने और वास्तविक दोषियों को बेनकाब करने की बात कही थी. फरीदी ने सवाल किया कि जब यह पूरा प्रकरण पुराने चेयरमैन (मुन्ना सिंह और माया देवी) के कार्यकाल से जुड़ा बताया जा रहा है, तो जांच की आंच केवल एक ही व्यक्ति तक सीमित क्यों रखी जा रही है? उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि जांच और कार्रवाई से जुड़ी आधिकारिक जानकारियां मुख्य पार्षद और जनप्रतिनिधियों से छिपाई जा रही हैं.
मृत टैक्स दरोगा के नाम पर कटता रहा टैक्स, बिना मजिस्ट्रेट के तोड़ दी गई अलमारी
इस पूरे प्रकरण में सबसे चौंकाने वाला खुलासा दिवंगत टैक्स दरोगा मनराज सिंह की बंद अलमारी को लेकर हुआ है. फरीदी ने बताया कि मनराज सिंह का निधन वर्ष 2018 में ही हो गया था, लेकिन हैरानी की बात यह है कि वर्ष 2019 तक उनके नाम से टैक्स काटे जाते रहे. उन्होंने गंभीर आरोप लगाया कि मनराज सिंह के निधन के बाद उनकी बंद अलमारी को बिना किसी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी और बिना वीडियोग्राफी के ही तोड़ दिया गया. ऐसे में उस अलमारी से कौन-कौन से महत्वपूर्ण दस्तावेज या नकदी निकली और उसका क्या हिसाब रखा गया, यह पूरी तरह संदेह के घेरे में है.
ऑडिट रिपोर्ट में दर्ज थे कई नाम, फिर कार्रवाई एक पर ही क्यों?
चेयरमैन प्रतिनिधि ने तथ्यों का हवाला देते हुए कहा कि तत्कालीन टैक्स दरोगा मनराज सिंह और सहायक टैक्स दरोगा नरसिंह चौबे के अधीन आशुतोष, वाहिद समेत नगर परिषद के अन्य कर्मचारी अपनी-अपनी आईडी से टैक्स काटने का काम करते थे. इसके अलावा, वर्ष 2015-16 की ऑडिट रिपोर्ट में भी मनराज सिंह, नरसिंह चौबे और आशुतोष कुमार के नाम दर्ज थे. उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकारी रिकॉर्ड और ऑडिट रिपोर्ट में कई लोगों की भूमिका स्पष्ट है, तो आनन-फानन में केवल आशुतोष कुमार को बलि का बकरा बनाकर बाकी लोगों को अभयदान क्यों दिया जा रहा है?
जिलाधिकारी से हस्तक्षेप और साक्ष्य सार्वजनिक करने की मांग
फरीदी ने आशंका जताई कि प्रभावशाली लोगों को बचाने के लिए जांच को प्रभावित करने और मामले को दबाने की साजिश रची जा रही है. उन्होंने जिलाधिकारी से इस पूरे प्रकरण का स्वतः संज्ञान लेने और निष्पक्ष जांच कराने की अपील की है. साथ ही उन्होंने मांग की है कि बंद अलमारी तोड़ने की प्रक्रिया, उससे बरामद दस्तावेजों और अब तक की जांच से जुड़े तमाम साक्ष्यों को नगर परिषद बोर्ड के समक्ष सार्वजनिक किया जाए, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके.
कार्यपालक पदाधिकारी ने नहीं उठाया फोन
इस पूरे मामले और लगाए गए गंभीर आरोपों पर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कुमार रित्विक का आधिकारिक पक्ष जानने के लिए उनके मोबाइल फोन पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया. हालांकि, फोन रिसीव नहीं होने के कारण उनसे बात नहीं हो सकी.
वीडियो :










.png)








0 Comments