बाल विवाह मुक्त भारत : एनसीसी और स्कूली छात्रों ने शहर में निकाली भव्य जागरूकता रैली ..

हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां और बैनर थामकर लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति सचेत किया. छात्रों के गगनभेदी नारों ने आम नागरिकों से अपील की कि वे कम उम्र में बच्चों का विवाह न करें, बल्कि उन्हें शिक्षा और आगे बढ़ने का पूरा अवसर दें.









               

  • आई.टी.आई. फील्ड से सिपाही घाट तक गूंजे जागरूकता के नारे, छात्रों ने दिया शिक्षा का संदेश
  • "बाल विवाह कानूनी अपराध और विकास में बड़ी बाधा", सामूहिक शपथ के साथ अभियान का समापन

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : समाज में जड़ जमा चुकी बाल विवाह जैसी घातक कुप्रथा को समाप्त करने और 'बाल विवाह मुक्त भारत' के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से आज 30 बिहार बटालियन एन.सी.सी. बक्सर के तत्वाधान में एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया. सूबेदार मेजर बिपिन कुमार भास्कर की अध्यक्षता में संपन्न इस अभियान में विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों का उत्साह देखने लायक रहा.

इस जन-जागरूकता रैली में सेंट मैरी स्कूल और एम.पी. हाई स्कूल के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. रैली की शुरुआत आई.टी.आई. फील्ड से हुई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई सिपाही घाट पर जाकर संपन्न हुई. पूरे मार्ग में स्कूली बच्चों ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां और बैनर थामकर लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति सचेत किया. छात्रों के गगनभेदी नारों ने आम नागरिकों से अपील की कि वे कम उम्र में बच्चों का विवाह न करें, बल्कि उन्हें शिक्षा और आगे बढ़ने का पूरा अवसर दें.

सिपाही घाट पर रैली के समापन अवसर पर अपने संबोधन में सूबेदार मेजर बिपिन कुमार भास्कर ने कहा कि बाल विवाह न केवल एक कानूनी अपराध है, बल्कि यह बच्चों के शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक विकास के मार्ग में सबसे बड़ी बाधा भी है. उन्होंने जोर देकर कहा कि एक सशक्त और विकसित भारत के निर्माण के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आकर इस कुरीति के खिलाफ आवाज उठानी होगी.

सिपाही घाट पहुंचने के बाद कार्यक्रम का समापन सामूहिक शपथ के साथ हुआ. इस दौरान सूबेदार मेजर बिपिन कुमार भास्कर, बी.एच.एम. के.के. मिश्रा, सीएचएम आकाश थापा, ट्रेनिंग एनसीओ रवि शंकर कुमार, सीटीओ शुभम पाण्डे सहित अन्य पीआई स्टाफ और छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से बाल विवाह रोकने तथा समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ ली. रैली के दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी बच्चों के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की.
















Post a Comment

0 Comments