कहा गया है कि 24 नवंबर 2026 को माफी वीडियो जारी किए जाने के बावजूद धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक मर्यादा और नारी सम्मान से जुड़े इस प्रकरण में केवल माफीनामा या वीडियो हटाया जाना पर्याप्त नहीं है.
- विधायक आनंद मिश्र के निर्देश पर युवाओं ने सौंपा आवेदन, कठोर कार्रवाई की मांग
- प्रतिनिधिमंडल में ये युवा रहे मौजूद, डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखने का अनुरोध
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : छठ महापर्व, सनातन धार्मिक परंपराओं और बिहार की मातृशक्ति के प्रति कथित अश्लील व आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में बक्सर विधायक आनंद मिश्र के निर्देश और मार्गदर्शन में बक्सर पुलिस अधीक्षक को सामूहिक आवेदन सौंपा गया. आवेदन मिलने के बाद बक्सर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल एफआइआर दर्ज करने का निर्देश दिया है.
आवेदन के अनुसार, स्टैंड-अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी द्वारा अपने यूट्यूब चैनल (@Almostyash) पर "Morally Questionable | Standup Comedy" शीर्षक से अपलोड किए गए एक वीडियो (अपलोड तिथि 21 नवंबर 2026 बताई गई है) के एक अंश में छठ महापर्व के अवसर पर बिहार की विवाहित महिलाओं द्वारा नाक से मांग तक लंबा सिंदूर लगाने की परंपरा को कथित तौर पर अश्लील व आपत्तिजनक ढंग से प्रस्तुत किया गया. आवेदन में यह भी कहा गया है कि 24 नवंबर 2026 को माफी वीडियो जारी किए जाने के बावजूद धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक मर्यादा और नारी सम्मान से जुड़े इस प्रकरण में केवल माफीनामा या वीडियो हटाया जाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि विधि-सम्मत कार्रवाई और डिजिटल साक्ष्यों का संरक्षण किया जाना चाहिए.
एसपी से मिलने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में भाजपा युवा मोर्चा के प्रहलाद मिश्रा, धनजी तिवारी, मनु दुबे, गोविंद उपाध्याय, आदित्य सैनी, नीतीश दुबे, ज्योति कुमार, दिलीप उपाध्याय, सुशील उपाध्याय और सुमित सिंह सहित अन्य युवा शामिल रहे. आवेदन में मामले से जुड़े मूल एवं पूर्ण वीडियो, लिंक, समाचार रिपोर्टों तथा चैनल व सोशल मीडिया से संबंधित डिजिटल रिकॉर्ड को विधि प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रखते हुए निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है.










.png)








0 Comments