बिहार सेंट्रल स्कूल में मेधावी छात्र सम्मानित ..

बताया कि टॉप फाइव विद्यार्थियों को सम्मानित करने के साथ-साथ अन्य बच्चों को भी प्रेरित किया गया, ताकि वे अपनी कमियों को दूर कर आगामी परीक्षाओं में बेहतर परिणाम ला सकें.






- 10 दिसंबर तक विद्यालय में मुफ्त नामांकन की सुविधा

- परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉप फाइव विद्यार्थियों को मिला पुरस्कार

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल में सत्र 2026-27 की अर्द्धवार्षिक परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाया गया. विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में टॉप फाइव विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं पुस्तकें देकर पुरस्कृत किया गया, वहीं अन्य विद्यार्थियों को भी आगामी परीक्षाओं में बेहतर करने के लिए प्रोत्साहित किया गया.

इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों में पढ़ाई के प्रति उत्साह, प्रतिस्पर्धात्मक भावना और बेहतर परिणाम पाने की प्रेरणा विकसित करना था. सम्मान पाकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह दिखा और उन्हें अपनी मेहनत के प्रति सकारात्मक प्रोत्साहन मिला.

इस अवसर पर विद्यालय के सचिव सरोज सिंह ने कहा कि बच्चों का उत्साहवर्धन करने और पढ़ाई में रुचि बढ़ाने के लिए विद्यालय में समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं. उन्होंने बताया कि अर्द्धवार्षिक व वार्षिक परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को प्रमाण पत्र के साथ पुस्तकें या अन्य शैक्षणिक सामग्री देकर सम्मानित किया जाता है, जिससे उन्हें आगे भी बेहतर उपलब्धियां हासिल करने की प्रेरणा मिलती है.

27वें स्थापना दिवस पर विशेष पहल: प्री-नर्सरी से एलकेजी तक मुफ्त नामांकन और पुस्तकें

उप प्राचार्य विनय कुमार तिवारी ने कहा कि विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने और भविष्य की परीक्षाओं के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से यह सम्मान समारोह आयोजित किया गया. उन्होंने बताया कि टॉप फाइव विद्यार्थियों को सम्मानित करने के साथ-साथ अन्य बच्चों को भी प्रेरित किया गया, ताकि वे अपनी कमियों को दूर कर आगामी परीक्षाओं में बेहतर परिणाम ला सकें.

विद्यालय के 27वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रबंधन ने एक विशेष पहल की है. इसके तहत आगामी 10 दिसंबर तक प्री-नर्सरी, नर्सरी एवं एलकेजी के बच्चों का मुफ्त नामांकन किया जा रहा है, और नामांकन के साथ बच्चों को पुस्तकें भी निःशुल्क दी जा रही हैं. प्रबंधन की इस पहल का उद्देश्य प्रारंभिक शिक्षा को प्रोत्साहित करना तथा अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा के प्रति सहयोग प्रदान करना है.



               
















Post a Comment

0 Comments