बक्सर के लाल का लखनऊ में डंका: डॉ. दिलशाद आलम दोहरे राष्ट्रीय सम्मान से अलंकृत ..

उन्हें हरियाली और पर्यावरण के प्रति समर्पण के लिए 'राष्ट्रीय पर्यावरण सम्मान 2026' से नवाजा. गौरतलब है कि एमसीए द्वारा प्रतिवर्ष देशभर से विभिन्न चिकित्सा विधाओं के केवल 13 चुनिंदा चिकित्सकों को ही इस राष्ट्रीय सम्मान के लिए चुना जाता है.

 







               




  • यूपी के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने 'नोबल अवार्ड फॉर मेडिकल साइंसेज' से नवाजा.
  • पर्यावरण संरक्षण के लिए एम्स गोरखपुर के निदेशक ने दिया 'राष्ट्रीय पर्यावरण सम्मान 2026'.

बक्सर टॉप न्यूज़. बक्सर : चिकित्सा सेवा के साथ-साथ समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण की अलख जगाने वाले बक्सर के चर्चित चिकित्सक डॉ. दिलशाद आलम ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले का मान बढ़ाया है. उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित होटल औरनेट में आयोजित एक भव्य समारोह में उन्हें दो प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया.

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री ब्रजेश पाठक ने डॉ. आलम को चिकित्सा व जनसेवा में अभूतपूर्व योगदान के लिए 'नोबल अवार्ड फॉर मेडिकल साइंसेज' प्रदान किया. वहीं, पद्मश्री से सम्मानित एवं एम्स गोरखपुर के निदेशक डॉ. हेमंत कुमार ने उन्हें हरियाली और पर्यावरण के प्रति समर्पण के लिए 'राष्ट्रीय पर्यावरण सम्मान 2026' से नवाजा. गौरतलब है कि एमसीए द्वारा प्रतिवर्ष देशभर से विभिन्न चिकित्सा विधाओं के केवल 13 चुनिंदा चिकित्सकों को ही इस राष्ट्रीय सम्मान के लिए चुना जाता है.

इलाज के साथ जागरूकता की मुहिम को मिली सराहना रोटरी क्लब बक्सर के पूर्व अध्यक्ष और 'मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय' के बिहार महासचिव डॉ. दिलशाद आलम चिनिमिल स्थित 'साबित खिदमत फाउंडेशन एंड हॉस्पिटल' के माध्यम से लगातार जनसेवा में जुटे हैं. समारोह में उनके द्वारा चलाए जा रहे निशुल्क शुगर जाँच, टाइफाइड टीकाकरण, इन्फ्लुएंजा जागरूकता अभियान और विशेष रूप से आम लोगों को आपातकालीन स्थिति के लिए तैयार करने वाले सीपीआर (CPR) प्रशिक्षण शिविरों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की गई.

चिकित्सक समाज का गौरव: ब्रजेश पाठक समारोह को संबोधित करते हुए यूपी के उपमुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि चिकित्सक अपने समर्पण और मेहनत से देश को गौरवान्वित कर रहे हैं. जनस्वास्थ्य की रक्षा में उनकी भूमिका सर्वोपरि है और ऐसे कर्मठ चिकित्सकों का सम्मान समाज के लिए प्रेरणादायक है. वहीं, एम्स गोरखपुर के निदेशक डॉ. हेमंत कुमार ने कहा कि अपने व्यस्त पेशे के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और समाजहित के लिए समय निकालना डॉ. आलम के व्यक्तित्व को विशिष्ट बनाता है.

दिग्गजों की मौजूदगी में हुआ सम्मान इस राष्ट्रीय मंच पर बिहार और पंजाब सहित विभिन्न राज्यों के चिकित्सकों को भी सम्मानित किया गया, जिनमें पटना से डॉ. अभिषेक, डॉ. विवेक, डॉ. गालिब, डॉ. अबीर और पंजाब से डॉ. इंद्रजीत व डॉ. भैरव प्रमुख रहे.

कार्यक्रम का कुशल संचालन दूरदर्शन की जया जी ने किया, जिसमें डॉ. आलम ने भी समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. समारोह में मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोहित कुमार सिंह, सलाहकार डॉ. आर.पी. सिंह, छपरा जिलाध्यक्ष डॉ. अमरीश कुमार के अलावा विवेक ठाकुर, विजय कुमार जुमनानी, अंकित कश्यप और आशुतोष की सक्रिय भागीदारी रही. डॉ. आलम की इस दोहरी उपलब्धि से बक्सर के चिकित्सा जगत और सामाजिक संगठनों में हर्ष का माहौल है.











Post a Comment

0 Comments